विदेश से आया फोन, झांसे में लेकर निवेश कराए 66 लाख, करोड़ों का दिखाया मुनाफा, फिर हुआ ठगी का खेल शुरू

punjabkesari.in Saturday, Oct 25, 2025 - 11:06 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): जालसाजों द्वारा एक व्यक्ति को झांसे में लेकर लाखों रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने व्यक्ति को झांसे में लेने के लिए विदेश से फोन किया और उससे लाखों रुपए निवेश कराकर एक वेबसाइट के जरिए करोड़ों रुपए मुनाफा दिखाया। जब व्यक्ति ने यह रुपए निकालने का प्रयास किया तो उससे 25 लाख रुपए नकद देने की मांग की। इस पर पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ जिसके बाद उसने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दी। मामले में साइबर थाना साउथ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें। 

 

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-73 में स्थित भगवत धाम सोसाइटी निवासी रणवीर सिंह कंबोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ रहते है। पांच अगस्त 2025 को उनके पास विदेशी नंबर से कई फोन आए। जालसाज ने फोन कर उनको विदेशी शेयर मार्केट में निवेश करने का ऑफर दिया। निवेश करने पर मोटा मुनाफे का झांसा दिया। जालसाजों के झांसे में आने के बाद पांच अगस्त को उनके द्वारा cryptopromarkets.net पर जाकर अपना खाता बनाया। उसके बाद जालसाजों ने टेलीग्राम ऐप के जरिए सभी जानकारी साझा की। उसके बाद अपने दो बैंक खातों से आठ अगस्त को सबसे पहले एक लाख 36 हजार रुपये निवेश किए गए।

 

निवेश करने के बाद मोटा मुनाफा दिखने पर वह जालसाजों के जाल में फंस गए। दस से ज्यादा बार में अपने दो बैंक खातों से 66 लाख 26 हजार रुपये निवेश कर दिए गए। निवेश करने के बाद उनको कई करोड़ का मुनाफा हुआ। मुनाफा होने के बाद उन्होंने 15 अक्टूबर के आसपास रुपये निकालने के लिए जालसाजों से संपर्क किया, तो कई बार टेलीग्राम ऐप पर संपर्क भी किया। काफी जद्दोजहद के बाद जालसाजों ने रुपये देने से मना कर दिया। उसके बाद जालसाजों ने उनसे 25 लाख रुपये नकद की मांग की,लेकिन उन्होंने रुपये नहीं दिए। उन्होंने बताया कि जालसाजों ने उनको 24 अक्टूबर को घर खुद आकर या किसी को भेजकर रुपये लेकर जाने की बात कहीं थी। उसके बाद पुलिस को शिकायत दी।

 

जालसाजों ने पीड़ित को विदेशी नंबर से निवेश करने को लेकर संपर्क किया था। उसके बाद अपनी कंपनी cryptopromarkets के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उनको cryptopromarkets.net बेवसाइट पर जाकर शेयर के बारे में जानकारी जुटाने को भी कहा गया। पीड़ित को सब कुछ सही दिखने पर उन्होंने सबसे पहले एक लाख 36 हजार रुपये का निवेश किया। कंपनी की वेबसाइट पर दिया गया पता लंदन में पंजीकृत है। उस वेबसाइट पर जाकर जालसाजों ने विश्वास जगाने के लिए वेबसाइट पर उनका अकाउंट भी बनाया गया। जालसाजों ने विदेशी शेयर में निवेश करवाया। 

 

साइबर एसीपी प्रियांशु दीवान ने बताया कि जालसाज शेयर बाजार में निवेश कर ठगी करने वाला गैंग विदेश से बैठकर लोगों को फोन करता है। इनमें कंबोडिया ,लाओस जैसे देशों से बैठकर गैंग ऑपरेट कर रहे है। शेयर बाजार में निवेश करने का झांसा देकर ठगी करते हैं। जालसाजों ने फर्जी वेबसाइट भी बनाई है और वैसे की काम करते है जैसे पंजीकृत कंपनियां काम करती है। उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इस मामले में जांच चल रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। जिन बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर हुए हैं,उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static