लव मैरिज के बाद प्रताडि़त किए जाने पर युवक ने की खुदकुशी

10/1/2022 6:30:26 PM

गुड़गांव, (ब्यूरो): खेडक़ीदौला थाना क्षेत्र में लव मैरिज के बाद युवती के परिजनों द्वारा प्रताडि़त किए गए युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंखे से लटक रहे शव को नीचे उतारा। पुलिस ने मृतक के कब्जे से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसके आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।

गुरुग्राम की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।


पुलिस को दी शिकायत में मृतक युवक के पिता धर्मवीर ने बताया कि उनका बेटा मोनू मेहरोलिया उर्फ गजराज ने कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश की रहने वाली अंशिका शर्मा से लव मैरिज की थी। शादी से अंशिका शर्मा के परिजन नाराज थे। कुछ दिन के गुस्से के बाद वह शांत हो गए और उन्होंने अंशिका को अपने घर पर मिलने के लिए बुलवाया। आरोप है कि अंशिका के मायके जाते ही अंशिका के परिवार वालों ने उसे मोनू के खिलाफ भडक़ाना शुरू कर दिया। जिसके बाद वे मोनू को भी धमकाने लगे।


धर्मवीर ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात को जब मोनू घर आया तो वह काफी घबराया हुआ था। पूछने पर उसने बताया कि अंशिका के परिजन शशिकांत शर्मा, चंद्रकांत शर्मा, मृत्युंजय, अनिल तिवारी, पूनम शर्मा उस पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने अंशिका के यूपी पुलिस के सामने बयान दर्ज कराकर उस पर काफी आरोप लगवाए हैं। आरोप है कि वह मोनू को भी प्रताडि़त कर रहे हैं। इससे परेशान होकर मोनू ने चुन्नी से फंदा लगाकर देर रात आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Content Writer

Pawan Kumar Sethi