गोल्फ कोर्स रोड पर युवक ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा, गाड़ी के सामने सड़क पर लेटा
punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 08:30 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गोल्फ कोर्स रोड अंडरपास में एक युवक के हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक अंडरपास के बीचोंबीच सड़क पर लेटकर वाहनों का रास्ता रोकता और हंगामा करता दिखाई दे रहा है। इस घटना के चलते व्यस्त मार्ग पर कुछ समय के लिए आवाजाही प्रभावित हुई और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल फुटेज के आधार पर सामने आया है कि युवक अंडरपास के भीतर अचानक सड़क पर लेट गया और वहां से गुजर रही गाड़ियों के सामने आकर हंगामा करने लगा। आसपास मौजूद लोगों और चालकों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, जबकि किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और लोगों ने सड़क सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए युवक के खिलाफ सुशांत लोक थाने में संबंधित धाराओं के तहत सोमवार को मामला दर्ज कर लिया है। वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। सार्वजनिक मार्ग पर यातायात बाधित करने और दूसरों की सुरक्षा खतरे में डालने के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।