रेप का मामला दर्ज होने पर पुलिसकर्मी ने की शादी, अब पत्नी को छोड़ हुआ फरार

4/25/2018 12:08:13 PM

सोनीपत: सोनीपत शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक काॅलोनी में रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने एक पुलिसकर्मी युवक पर शादी का झांसा देकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। आरोपी सोनीपत क्षेत्र के गांव का रहने वाला है। युवती ने बताया कि उसने आरोपी की शिकायत पुलिस को कर दी थी, लेकिन आरोपी ने उसे फिर से झांसा दिया। 

आर्य समाज मंदिर में शिकायत करने के ठीक दो दिन बाद शादी कर ली, परंतु शादी के बाद उसे छोड़कर फरार हो गया। युवती ने मामले की शिकायत अब एसएसपी को दी। जिस पर कार्रवाई के लिए अब शिकायत महिला थाना प्रभारी के पास भेजी गई है। युवती ने बताया कि वह ककरोई चौक सोनीपत स्थित एक कम्प्यूटर सेंटर पर जाती थी। यहीं पर आरोपी युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ बातें शुरू कर दी। झांसा देकर आरोपी उसे दिल्ली ले गया और दुष्कर्म किया। 

इसके बाद सोनीपत के एक गेस्ट हाउस में भी उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने आरोपी को शादी करनी की बात कहीं तो आनाकानी की। उसकी इस हरकत से तंग आकर अप्रैल माह में पुलिस को शिकायत कर दी थी। परंतु आरोपी को जैसे ही इस बात का पता चला, उसने दो दिन का समय मांगा और शादी करने को कहा। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। शादी करने के बाद आरोपी छोड़कर फरार हाे गया। यहीं नहीं अब आरोपी के जीजा ने उसे जान से मारने की धमकी दी है, जिससे उसे जान का भी खतरा है। महिला थाना प्रभारी कविता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

Deepak Paul