घरेलू कलह के चलते युवक ने पुलिस के सामने निगला जहर, हालत गंभीर

5/26/2017 4:42:21 PM

पिहोवा(पुनीत सांगर):घरेलू झगड़े के चलते गत शाम गांव टीकरी के एक युवक ने पुलिस स्टेशन में जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ने से उसे थाने में मौजूद ग्रामीणों व पुलिस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। 

जानकारी के अनुसार युवक का नाम सुनील कुमार उम्र करीब 22 साल है। बताया जा रहा है कि पैसे के लेन देन के चलते सुनील का परिवार से विवाद शुरु हो गया और उसकी मां भी मायके चली गई। वीरवार शाम को मामा उसकी मां को साथ लेकर गांव में आए और उसे समझाने का प्रयास किया। लेकिन इसी बीच मां व अन्य परिजनों साथ उसकी तकरार हो गई। जिसके बाद सुनील परिजनों के खिलाफ शिकायत लेकर थाने में पहुंच गया। 

सुनील के पीछे उसके परिजन भी उसके खिलाफ झगड़े की शिकायत लेकर थाने में पहुंच गए। परिवार की कलह को देखते हुए पुलिस ने थाने में दोनों पक्षों को बुलाकर पंचायत में मामला सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन इसी बीच बहस के दौरान तैश में आकर सुनील ने सबके सामने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसके बाद वहां मौजूद लोग उसे तुरंत सरस्वती मिशन अस्पताल ले गए। जहां सुनील का इलाज चल रहा है।