दहेज प्रथा को खत्म करने के लिए संभाली कमान, महिलाओं को कर रही जागरूक

9/25/2018 6:08:00 PM

नूंह(एके बघेल): राष्ट्रीय स्तर पर देश भर में दहेज के खिलाफ आंदोलन और बेटियों के हित में चल रहे सामाजिक संस्था सहेली की राष्ट्रीय अध्यक्ष सहेली शबाना खान ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा दहेज उत्पीडऩ कानून में तत्काल गिरफ्तारी के फैसले का स्वागत किया है। शबाना ने कहा कि माननीय न्यायालय के इस फैसले से यकीनन दहेज के लोभियों में डर खौफ की भावना पैदा होगी और वो अपने लालच में किसी भी घटना को अंजाम देने से पहले सौ दफा सोचेंगे। साथ ही इस फैसले से बेटियों और महिलाओं के साथ इंसाफ होगा।



बता दें कि मेवात जिले में दहेज प्रथा के खात्मे और शिक्षा के बढ़ावे को लेकर घर घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही है।  सहेली संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष सहेली शबाना खान ने अपनी मां और पांच छोटी बहनों के साथ मिल कर इस मुहिम को साकार करने में लगी हुई हैं।

शबाना खान ने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से कहा कि आज वह समय आ गया है जब हम महिलाओं को अपनी सोच में परिवर्तन करना चाहिए। दहेज प्रथा एक कलंक, अभिशाप है जिससे केवल एक नहीं बल्कि दो परिवारों की बर्बादी हो रही है। उन्होंने बताया कि अगर बेटी शिक्षित होगी तो वह खुद ही दहेज है।



शबाना खान ने खास तौर से लड़कों से अपील करते हुए कहा कि आप देश और मेवात का भविष्य हैं, आपको अपनी सोच को अच्छा रखते हुए मेवात के गांव गांव के विकास और तरक्की की लिए ज्यादा से ज्यादा शिक्षा हासिल करनी चाहिए। क्योंकि सिर्फ शिक्षा ही आपको बेहतर इंसान बना सकता है।

Shivam