मंडी बोर्ड के घोटाले की विजिलेंस से करवाएं जांच : अभय चौटाला

12/16/2019 9:57:55 AM

चंडीगढ़(पांडेय): इनैलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने कृषि मंत्री जे.पी. दलाल के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मंडी बोर्ड में केवल कृषि मॉल घोटाला नहीं और भी बड़े घोटाले हैं जैसे किसानों के नाम पर विश्राम गृह, मरम्मत व नई सड़कों का घोटाला मुख्य हैं। उन्होंने कहा कि विश्राम गृहों में केवल अधिकारी और राजनेता ठहरते हैं किसानों को नजदीक भी नहीं फटकने दिया जाता। विश्राम गृहों में हर वर्ष करोड़ों रखरखाव पर खर्च किए जाते हैं। यह सामान कहां जाता है जांच से पता चल जाएगा।

पंचकूला के विश्राम गृहों के आधे से ज्यादा कमरों पर विधानसभा का कब्जा है। इसी तरह मंडियों के विश्राम गृहों का हाल है। कृषि मंत्री घोटालों की जांच विजीलैंस विभाग से करवाएंगे तो भाजपा के 5 वर्षों के सुशासन का शीशा सामने होगा। किसानों व व्यापारियों की खून पसीने की कमाई को व्यक्तिगत लाभ के लिए बोर्ड के अधिकारियों व राजनेताओं ने खूब लूटा है। मंडी बोर्ड का काम है मंडियों में किसानों की फसल की खरीदो-फरोख्त के लिए अच्छे साधन उपलब्ध करवाने और किसानों को फसल का अच्छा भाव मिल सके इसके लिए मंडियों में कृषि उपज वस्तुओं की बोली करवाना। मंडी बोर्ड का काम नहीं हैं कि वह खुद व्यापार करे। 

मुख्यमंत्री कहते हैं कि भाजपा ने पिछले 5 वर्षों में हरियाणा को भ्रष्टाचार मुक्त कर दिया है और इन 5 वर्षों में न खाया है न खाने दिया है। मुख्यमंत्री अगर हरियाणा कृषि बोर्ड द्वारा बनाए गए एग्रो मॉल व बोर्ड द्वारा हरियाणा में करवाए गए निर्माण कार्यों की जांच करवाके देखें फिर पता लगेगा कि पिछले पांच वर्षों में अधिकारियों व राजनेताओं ने इसको कितना और कैसे लूटा है।

Edited By

vinod kumar