मंडी सुपरवाइजर महिला ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में पति को बताया मौत का जिम्मेदार

7/3/2022 3:36:51 PM

करनाल : करनाल जिले के तरावड़ी में एक मंडी सुपरवाइजर मुक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मुक्ति तरावड़ी में ही सरकारी फ्लैट में रहती थी, जहां मुक्ति का शव पंखें से लटका हुआ मिला है। शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतका ने अपनी मौत का जिम्मेदार अपने पति को बताया है। साथ ही महिला ने सुसाइड नोट में यह भी लिखा कि मेरे संस्कार में भी ससुराल से कोई भी शामिल नहीं होना चाहिए।

डेढ़ साल पहले ही नायब तहसीलदार पति से हुई थी शादी

मुक्ति तरावड़ी मंडी में सुपरवाइजर थी। वहीं मुक्ति का पति नायब तहसीलदार है, जिसका नाम अचिन है। मृतका का पति भिवानी के बाढ़डा में कार्यरत है। दोनों की शादी को करीब डेढ़ साल हो गया था। जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच बनती नहीं थी। दोनों में काफी झगड़े भी होते थे। इसी कारण दोनों फिलहाल अलग-अलग रह रहे थे। मुक्ति ने आज सुबह ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। मृतका के शव के पास 2 पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें महिला ने अपनी मौत का जिम्मेदार अपने ही पति को बताया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है।

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Vivek Rai