Mandi Update: रबी फसलों की खरीद के लिए आढ़ती तैयार, बस सरकारी पत्र का इंतजार
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 04:02 PM (IST)
चंडीगढ़: आढ़तियों ने मांग की है कि भुगतान में देरी न होने इसलिए रबी सीजन के लिए आढ़त की 55 रुपये दर को लेकर अधिकारिक पत्र समय पर जारी किया जाए। प्रदेश में रबी फसलों की खरीद के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आढ़ती भी खरीद के लिए तैयार हैं।
खरीफ-2025 की बकाया आढ़त करीब 56 करोड़ रुपये आढ़तियों के खातों में सोमवार को पहुंच गई है। आढ़तियों का कहना है कि खरीफ की फसलों की खरीद की प्रक्रिया बीते साल नवंबर माह में ही पूरी हो गई थी लेकिन आढ़त को लेकर असमंजस बना रहा।
आढ़त केंद्र सरकार की दरों के अनुसार 45.88 रुपये दी जाएगी या राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार 55 रुपये प्रति क्विंटल इसका पत्र देरी से जारी हुआ। इससे आढ़त मिलने में देरी हुई। हरियाणा राज्य अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक हर्ष गिरधर के मुताबिक खरीफ-2025 के लिए केंद्र सरकार की घोषणा के अनुसार 45.88 रुपये प्रति क्विंटल आढ़त के हिसाब से करीब 285 करोड़ रुपये का भुगतान राज्य सरकार ने पहले ही कर दिया था।
राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार 55 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से आढ़त के रूप में 341 करोड़ रुपये मिलने चाहिए थे। इस हिसाब से करीब 56 करोड़ रुपये सरकार पर बकाया रह गए थे। हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने वित्त विभाग को पत्र लिखकर शेष राशि के भुगतान के लिए अनुमति मांगी थी। हर्ष का कहना है कि इस बार करीब दो महीने की देरी से बकाया राशि मिली है। रबी फसलों की आढ़त के भुगतान में देरी न हो इसके लिए पहले ही 55 रुपये दर का अधिकारिक पत्र जारी चाहिए। होना
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर का कहना है कि आढ़तियों की मांग को लेकर सरकार गंभीर है। प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द अधिकारिक पत्र जारी कर दिया जाए जिससे आढ़तियों को सरकार की घोषणा के अनुसार समय से आढ़त मिल सके। ब्यूरो