निगमों के साथ पालिकाओं और परिषद के चुनाव संभव: मनीष ग्रोवर

11/24/2018 6:36:33 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): प्रदेश में नगर निगम के साथ- साथ अब नगरपालिका और नगर परिषद के चेयरमैन का चुनाव भी प्रदेश में डायरेक्ट हो सकता है, इसका संकेत शहरी स्थानीय निकाय मंत्री मनीष ग्रोवर ने आज रोहतक में एक प्रेस वार्ता के दौरान दिए। ग्रोवर ने कहा कि प्रदेश में 5 नगर निगम के चुनाव होने जा रहे हैं। जिसमे जनता वोट डाल कर सीधे तौर पर मेयर का चुनाव करेगी।

जहां तक नगर पालिका व नगर परिषद के चेयरमैन का सीधा चुनाव होने की बात है तो उस पर भी विचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। अगर रोहतक की बात की जाए अभी तक 95 पार्षद व 5 मेयर के प्रत्याशियों के आवेदन आए हैं। पांचों जगह के आवेदनों को लेकर 26 नवम्बर को चंडीगढ़ में चुनाव समिति की बैठक होगी और प्रत्याशियों पर मंथन किया जाएगा।

इस दौरान ग्रोवर ने ये भी कहा कि इन नतीजों से लोकसभा व विधानसभा चुनाव पर कोई असर पड़ने वाला नही है। भाजपा किसी भी चुनाव को छोटा बड़ा नही मानती है। जहां तक इस चुनाव की बात है तो किसी पार्टी का मुकाबला उनसे नही है। अभी तक कांग्रेस पार्टी तो यह भी तय नही कर पाई है कि चुनाव सिम्बल पर लड़ेंगे या नही।
 

Deepak Paul