त्याग के मार्ग पर चलने का संकल्प, मनीषा कल रानियां में बनेगी जैन साध्वी

4/18/2018 10:18:43 AM

रतिया(ब्यूरो): जैन धर्म के सत्य, अहिंसा अपरिग्रह जैसे सिद्धातों से प्रभावित होकर पंजाब के छोटे से गांव दीना साहिब जिला निहाल सिंह वाला से संबंध रखने वाली मनीषा ने साध्वी बनने का निश्चय किया है। सी.बी.एस.सी. दिल्ली बोर्ड से 12वीं की उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली 18 वर्षीय मनीषा जैन की दीक्षा 19 अप्रैल को रानियां में सम्राट शिवमुनि महाराज की आज्ञानुवर्ती कैलाशवती महाराज की सुशिष्या महासाध्वी सुव्रतप्रभा महाराज के निश्राय में होगी। इस दीक्षा समारोह में रतिया से भी हजारों श्रावक भाग लेंगे। 

पिछले 5 वर्ष से जैन साध्वी सुव्रतप्रभा के साथ वैराग्य में रह रही मनीषा ने बताया कि उन्हें बचपन में धर्म में रुचि थी। वे ज्यादा समय अपने गांव दीना साहिब की बजाय अपनी बुआ के पास निहालसिंह वाला में रहती थी। बुआ शीला धार्मिक प्रवृत्ति की थी जो अक्सर जैन सभा में सत्संग पर जाती थी। बुआ उसे भी कभी-कभी अपने साथ ले जाती थी। जैन साध्वियों के त्याग व तपस्या को देखकर ऐसा करने का मन में आया। बस वहीं से धर्म के संस्कार जाग गए। पहले तो माता-पिता से आज्ञा नहीं मिली लेकिन जब माता-पिता को लगा की उनकी बेटी धार्मिक कार्यों में रुचि लेती है तो वे मान गए। तब उसने गुरुणी सुव्रतप्रभा की शरण में कुछ समय व्यतीत किया। 

भौतिकवादी वातावरण से दूर रहना है मुश्किल : मनीषा
गुरु की शरण में पहुंचने पर यहां का माहौल ज्यादा बेहतर दिखा। मनीषा का यह भी कहना है कि आज के भौतिकवादी वातावरण से दूर रहना मुश्किल नहीं नामुमकिन है, क्योंकि आज मोबाइल, टी.वी., इंटरनैट का जमाना है। लेकिन धर्म के सामने सभी भौतिकवादी बातें बेमानी लगती हैं। इसी जुनून से ही उन्होंने त्याग के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया है। 

वैरागन मनीषा की मेहंदी की रस्म 18 अप्रैल को होगी। जिसमें लोग वैरागन को मेहंदी लगाएंगे। इसके अलावा 19 अप्रैल को शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे और दीक्षा स्थल तक पहुंचेंगे। दीक्षा कार्यक्रम में 32 जैन साधु व साध्वियां वैरागन मनीषा को आशीर्वाद देंगे। जिसमें नवकार साधक पंडित रत्न विचक्षण मुनि महाराज, उपप्रवर्तक निर्मल मुनि महाराज, विवेक मुनि महाराज के अलावा सरलात्मा महासाध्वी प्रतिभा जी महाराज, श्रणमी गौरव शक्ति प्रभा जी महाराज, प्रवचन प्रभाविका सुयश प्रभा जी  महाराज लेंगे। सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी कार्यक्रम में मुख्यातिथि के अलावा हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री कर्णदेव कम्बोज, विधायक रामचंद्र कम्बोज, पूर्व सांसद रणजीत सिंह गोबिंद कांडा, होशियारी लाल शर्मा,  निर्मल सिंह मल्लडी हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

Nisha Bhardwaj