मनोहर और दुष्यंत घोषणाओं को लागू करने के लिए मिलजुल कर लगातार कर रहे काम: अनूप धानक

12/31/2021 10:50:37 PM

चंडीगढ़ (धरणी): इनेलो का त्याग करके डॉ. अजय सिंह चौटाला के कंधे के साथ कंधा मिलाने वाले सबसे पहले विधायक अनूप धानक का सम्मान भी हाल ही में सरकार द्वारा बढ़ाया गया है। राज्य मंत्री अनूप धानक को श्रम एवं रोजगार विभाग के स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें यह इनाम उनके उस समय के त्याग और डॉ. अजय सिंह पर विश्वास करने के कारण दिया गया है। अनूप धानक डॉ. अजय सिंह के बेहद विश्वसनीय व्यक्तियों में शुमार है और बुरे वक्त में डॉ. अजय सिंह के साथ धानक ने इनेलो को त्याग दिया था। 

स्वतंत्र प्रभार मिलने के बाद धानक कद और बढ़ गया है और वह इस विभाग के सर्वे सर्वा हो गए हैं। आरक्षित सीट उकलाना मंडी से चुनाव जीतकर विधायक बने राज्यमंत्री अनूप धानक को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, खाद्य- नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामलों की भी जिम्मेदारी सौंपी हुई है। स्वतंत्र प्रभार मिलने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा है कि जिस उम्मीद और विश्वास से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है वह उस विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। 

लेबर चिकित्सा के लिए डिमांड के अनुसार तुरंत करेंगे काम: अनूप धानक
धानक ने कहा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश के अनुसार पहले भी अनेक स्कीमें लेबर विभाग में लागू की गई। जननायक जनता पार्टी का प्राइवेट सेक्टर में 75 फीसदी हरियाणा के युवाओं को रोजगार देने का वायदा विधानसभा में पास करके नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है, जिससे प्रदेश के युवाओं को भारी लाभ होगा। आने वाले समय में भी हमारी मंशा है कि पात्र लोगों को ही स्कीमों का लाभ मिले। इसे लेकर हम रोडमैप तैयार रहे हैं। साथ ही साथ लेबल चिकित्सा को लेकर भी कई क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं। हिसार-सोनीपत और झज्जर में डिस्पेंसरी खोलने की योजना पर फैसला हो चुका है और कहीं भी डिमांड आने पर डिस्पेंसरी खोली जाएंगी।

हाल ही में ओमिक्रॉन वेरिएंट की दस्तक की बात करते हुए उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचओ, केंद्र-प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार ईएसआई के अस्पतालों में भी आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस मौके पर अनूप धानक ने कहा कि लगातार लेबर यूनियन की समस्याओं को लेकर जो धरने प्रदर्शन या वाद-विवाद सामने आते हैं, लेबर की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जाते रहे हैं और ऐसे मामलों में लगातार हमने अधिकारियों और लेबर यूनियन के पदाधिकारियों के बीच बैठकर मामलों को सुलझाने का काम किया है।

भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार प्रदेश के प्रगति पथ पर लगातार अग्रसर: अनूप धानक
अनूप धानक ने राजनीतिक चर्चा करते हुए कहा कि आज प्रदेश में भाजपा और जजपा के गठबंधन की सरकार बहुत शानदार तरीके से प्रदेश के प्रगति पथ पर आगे बढ़ रही है। लोगों की भलाई के लिए दिन प्रतिदिन क्रांतिकारी-बेहतरीन योजनाएं लागू की जा रही है। जनता की भावनाओं के अनुरूप अच्छे तरीके से यह गठबंधन काम कर रहा है। आगामी 3 साल भी प्रदेश के विकास को गति देने के लिए यह गठबंधन अग्रसर रहेगा। जजपा पार्टी के 40 फ़ीसदी वायदे पूरे किए जा चुके हैं।

प्रदेश के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री लगातार की गई घोषणाओं को लागू करने के लिए निस्वार्थ मिलजुल कर काम कर रहे हैं।धानक ने कहा कि यह गठबंधन स्वार्थ का गठबंधन नहीं है। विपक्षी दलों ने लगातार गठबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। लेकिन प्रदेश की जनता ने इस गठबंधन को तहदिल से स्वीकार किया है। प्रदेश की भलाई के लिए भाजपा-जजपा की सरकार बनी। प्रदेश के लोगों के भले के लिए ही लगातार हमारे नेता अग्रसर हैं और सभी प्रदेशवासियों को भी इस सरकार की ईमानदारी और पारदर्शिता पर पूरा भरोसा है और इसी तरह से अगले 3 साल में भी लाभकारी योजनाओं का निर्माण किया जाएगा।

Content Writer

Shivam