दो साल में होगा हरियाणा में सुधार, मनोहर सरकार हर महीने करेगी एक नया काम

10/30/2017 1:34:28 PM

झज्जर(प्रवीन धनखड़): हरियाणा की मनोहर सरकार अब हर महीने एक नई घोषणा करेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज झज्जर पहुंचे, जहां उन्होंने ये बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 2 साल तक हर महीने एक नई घोषणा, नई योजना की शुरुआत की जाएगी। सरकार की इस योजना को एक सुधार और नाम भी मुख्यमंत्री ने दिया है। इसके साथ ही सरकार के तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन साल में सरकार ने विकास के साथ व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया है। अगले 2 सालों में तमाम विकास योजनाओं को पूरा करवाया जाएगा। 

किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार कर रही काम
मुख्यमंत्री ने पशुधन प्रदर्शनी मेले की सराहना करते हुए कहा कि किसानों की आय दुगनी करने के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में फ्लावर मंडी बनाई जाएगी। मत्स्य पालन को बढ़ाने के लिए झज्जर में 6 हजार एकड़ जमीन की तलाश की जा रही है। जिसमें किसान के साथ मिलकर विभाग मत्स्य पालन करेगा और किसान की आमदनी बढ़ेगी। गाय के दूध की उत्पादन क्षमता भी बढाई जाएगी और कुरुक्षेत्र के साथ दूसरी जगहों पर भी दुग्ध उत्पादन प्लांट लगाए जाएंगे।

भारत चीन रिश्तों के कारण प्रभावित हुआ करोड़ों का निवेश
हरियाणा में हजारों करोड़ का निवेश भारत और चीन के रिश्तों में आई कड़वाहट के कारण रुक गया है। पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विण्डो अप्रूवल दी जा रही है। वांडा कंपनी के निवेश के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत चीन के रिश्तों के कारण ये प्रभावित हुआ है।

जल्द पूरी होंगी घोषित योजनाएं 
मुख्यमंत्री ने केएमपी के साथ-साथ औद्योगिक जोन बनाए जाने की बात भी कही है। मुख्यमंत्री हरियाणा के 22 में से 16 जिलों में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान भी कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी साल के अंत तक सभी 22 जिलों के दौरे और जनता दरबार लगाकर लोगों के हित के काम किए जाएंगे। झज्जर जिले में भी मुख्यमंत्री की 92 घोषणाओं के पूरे होने की बात कही। उन्होंने बताया कि 146 घोषणाएं की थी जिनमें से 54 बाकी है और उन पर भी काम चल रहा है।