500 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश करने पर मिलेगी ऑन-डिमांड सुविधा: CM खट्टर

12/4/2017 1:56:07 PM

चंडीगढ़ (ब्यूरो): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बिहार में रहने वाले प्रवासी हरियाणावासियों तथा अन्य उद्योगपतियों को हरियाणा में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई निवेशक हरियाणा में 500 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश करता है तो उसको ऑन-डिमांड सुविधाएं दी जाएगी। उन्होंने टना में दूसरे क्षेत्रों में रहने वाले हरियाणावासियों से प्रवासी हरियाणा सम्मेलन के माध्यम से मुलाकात की और सीधा संवाद किया। उन्होंने बिहार के लोगों को मेहनतकश बताते हुए कहा कि दोनों राज्य कृषि के क्षेत्र में किसानों को एक-दूसरे के प्रदेश का भ्रमण करवा सकते हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा और बिहार का बहुत पुराना रिश्ता है और मैं चाहता हूं कि दोनों प्रदेश खूब तरक्की करें। उन्होंने बताया कि जब हमने प्रदेश में मुख्यमंत्री के तौर पर जनसेवा की बागडोर संभाली थी उस समय हरियाणा इज-ऑफ-डूइंग बिजनैस में देश भर में 14वें स्थान पर था और आज हम 6वें स्थान पर हैं। उत्तरी भारत में तो हम पहले स्थान पर हैं। प्रवासी हरियाणवियों के साथ सीधा संवाद के दौरान उन्होंने बताया कि हरियाणा के फरीदाबाद शहर में बिहार के लोगों की बहुत बड़ी संख्या है और इस बार उन्होंने छठ पूजा का त्यौहार भी इन लोगों के साथ मनाया था। इस कार्यक्रम में करीब 25000 लोग शामिल हुए थे। हरियाणा उद्योग विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल ने बताया कि इसी वर्ष के जनवरी माह में हरियाणा के गुरुग्राम में प्रवासी हरियाणा दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें जिनमें से 450 लोग विदेशों से आए थे। इस कार्यक्रम में 34,000 करोड़ रुपए के निवेश के प्रस्ताव आए थे, जो कि क्रियान्वित होने की दिशा में बढ़ रहे हैं।