CM खट्टर की मनोहर सौगात, 12वीं तक अपग्रेड होंगे कस्तूरबा कन्या स्कूल

12/21/2017 11:13:28 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): प्रदेश में कन्या शिक्षा को बढ़ावा देने के मद्देनजर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में शैक्षणिक तौर पर पिछड़े ब्लॉकों में स्थापित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को 12वीं कक्षा तक अपग्रेड करने व विद्यालयों में सभी आवश्यक ढांचागत सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की सर्व शिक्षा अभियान की जनरल काऊंसिल की 7वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा और वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु भी उपस्थित थे। 

मुख्यमंत्री ने परिषद के सभी कर्मचारियों के लिए 7वें वेतन आयोग की मंजूरी भी प्रदान की। उन्होंने निर्देश दिए कि जब यह विद्यालय 12वीं कक्षा तक अपग्रेड हो जाएं तो इन विद्यालयों में साइंस स्ट्रीम को भी शुरू किया जाना चाहिए। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने राज्य के 36 शैक्षणिक तौर पर पिछड़े ब्लॉकों के लिए 36 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की मंजूरी प्रदान की थी जिनमें से 31 विद्यालय आवासीय माध्यम से संचालित हैं जबकि इनमें से 8 विद्यालय राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत सैकेंडरी स्तर तक अपग्रेड किए जा चुके हैं। बैठक में बताया गया कि सर्व शिक्षा अभियान के लिए वर्ष 2017-18 हेतु केंद्र सरकार ने 114467.76 लाख रुपए का वार्षिक बजट मंजूर किया है।