संत रविदास जयंती पर जनता को तोहफा, 50 करोड़ लागत की 16 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन(Video)

1/28/2018 6:18:19 PM

कैथल(जोगिंदर कुंडू): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में संत रविदास की 641वीं जयंती के राज्य स्तरीय समरसता दिवस समारोह के दौरान 50 करोड़ रुपए लागत की 16 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर जिलावासियों को नायाब तोहफा दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जिलावासियों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन किए गए विकास परियोजनाओं में हुडा के 21 सैक्टर में नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम जिस पर 12 करोड़ 31 लाख 21 हजार रुपए की धनराशि खर्च की गई है। इसके अतिरिक्त उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के देवबन में 3 करोड़ 9 लाख रुपए की राशि से बनाए गए 33 केवी सब स्टेशन, सिरसल में 2 करोड़ 94 लाख से, गांव पबनावा में 2 करोड़ 15 लाख रुपए के, गांव हरनौली में 3 करोड़ 43 लाख के स्थापित किए गए 33 केवी सब स्टेशनों का उद्घाटन किया। गांव कैलरम में बनाए गए हर्बल पार्क का भी मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया। इस पर 23 लाख 60 हजार रुपए खर्च किए गए हैं।

सीएम मनोहर लाल द्वारा शिलान्यास की गई विकास परियोजनाओं में गांव दुसैण में 3 करोड़ रुपए से 33 केवी सब स्टेशन, गुहला में एक करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से बनने वाले खंड विकास भवन, गांव क्योड़क में 3 करोड़ 45 लाख की लागत से 4 तालाबों के जीर्णोद्धार, गांव फरीबाद से रोहेड़ा तक 75 लाख 37 हजार रुपए से बनने वाली सडक़, गांव हजवाना से हाबड़ी पक्का रोड 79 लाख रुपए की राशि से, गांव सांच-सिरसल से डेरा बलदेव सिंह सड़क वाया हाबड़ी जो एक करोड़ 6 लाख रुपए की परियोजना शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने एक करोड़ 11 लाख की राशि से सिंचाई विभाग के 5 तालाबों के पानी को सिंचाई के लिए प्रयोग करने के प्रोजैक्ट, कलायत के वार्ड नंबर 7 में बनने वाले सामुदायिक केंद्र, जिस पर 3 करोड़ 82 लाख रुपए खर्च होंगे, नगर पालिका कलायत में 3 करोड़ 25 लाख रुपए से नगर पालिका भवन तथा चीका में अनुसूचित जाति व जन जाति के बच्चों के लिए 4 करोड़ 48 लाख रुपए की धनराशि से आईटीआई के भवन का शिलान्यास किया। 

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार, शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल, अंबाला से लोकसभा सांसद रत्न लाल कटारिया, विधायक कुलवंत बाजीगर, संतोष सारवान, सुनीता दुग्गल, राम अवतार वाल्मीकि ने भी अपने विचार रखे।