जब केरल के डॉक्टर से मनोहर लाल ने की धाराप्रवाह मलयालम में बात, दंग रह गए सभी लोग
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 05:43 PM (IST)
अंबाला: केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल अपनी सादगी और अनुशासन के लिए जाने जाते हैं, लेकिन हाल ही में अंबाला छावनी में उनका एक ऐसा रूप देखने को मिला, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। हरियाणा की राजनीति से केंद्र तक का सफर तय करने वाले मनोहर लाल ने दक्षिण भारतीय भाषा मलयालम में धाराप्रवाह संवाद कर सबको हैरान कर दिया।
यह वाकया तब हुआ जब मनोहर लाल हरियाणा के कद्दावर नेता और परिवहन मंत्री अनिल विज के निवास पर पहुंचे थे। वे वहां विज के छोटे भाई राजिंदर विज का हाल-चाल जानने गए थे, जिनकी हाल ही में हार्ट सर्जरी हुई है। इस दौरान वहां डॉ. प्रताप मौजूद थे, जिन्होंने राजिंदर विज का सफल ऑपरेशन किया था। जैसे ही परिचय के दौरान पता चला कि डॉ. प्रताप मूल रूप से केरल के रहने वाले हैं, मनोहर लाल ने तुरंत उनसे मलयालम में बात करना शुरू कर दिया।
: डॉ. प्रताप खुद भी चकित थे कि हरियाणा से ताल्लुक रखने वाला एक केंद्रीय मंत्री उनकी मातृभाषा इतनी स्पष्टता और प्रवाह के साथ बोल सकता है। दोनों के बीच काफी देर तक मलयालम में चर्चा होती रही। अनिल विज के आवास पर मौजूद अन्य नेता और कार्यकर्ता इस भाषाई कौशल को देख कर अपनी सुध-बुध खो बैठे। मनोहर लाल का यह अंदाज दिखाता है कि वे न केवल एक राजनेता हैं, बल्कि देश की विविध संस्कृतियों और भाषाओं के प्रति गहरा ज्ञान और सम्मान भी रखते हैं।