उपमंडल स्तर पर खोले जाएंगे महिला पुलिस स्टेशन: CM

7/3/2017 10:13:03 AM

रेवाड़ी(वधवा):मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिला मुख्यालय के बाद अब उपमंडल स्तर पर महिला पुलिस स्टेशन खोले जाएंगे। उन्होंने जिला के गांव जाटूसाना में कन्या महाविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की। वह श्री मुरली मनोहर मंदिर ठठेरा समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन को बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक हरियाणा पुलिस में 30 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी होगी। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। आज किसी भी क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2015 में हरियाणा के पानीपत जिले से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आगाज किया था। सरकार ने इस कार्यक्रम को तत्परता से आगे बढ़ाते हुए कार्य किया है जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश का लिंगानुपात 830 से बढ़कर 950 तक पहुंच गया है। कन्याओं के जन्म को लेकर अब समाज में जागरूकता आ रही है। कन्याओं के जन्म पर कुआं पूजन जैसे कार्यक्रम अब समाज में होने लगे हैं।  मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एक साथ 21 नए कालेज खोले थे और अब प्रदेश में 27 ऐसे स्थान चिन्हित किए हैं,जिन पर नए कन्या कालेज स्थापित किए जाएंगे।