प्रदेश को मनोहर लाल ने राजकुमार सैनी के जरिए जलवाया : भूपेंद्र हुड्डा

6/3/2019 8:28:27 AM

जींद(जसमेर): प्रदेश के पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनावों में मोदी लहर थी,जो चली गई है। विधानसभा चुनावों की जंग प्रदेश में कांग्रेस जीतेगी। 4 महीने बाद जब विधानसभा चुनाव होंगे तो मनोहर सरकार के खिलाफ मुद्दे ही मुद्दे होंगे। हुड्डा रविवार को जींद में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। हुड्डा से जब कांग्रेस की हार के कारणों बारे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह पहला चुनाव था,जिसमें न तो दिखाव था और न ही खिंचाव,मोदी लहर में कांग्रेस हार गई।

भाजपा ने छदम राष्ट्रवाद के जरिए जनता को गुमराह कर लोकसभा चुनाव जीते। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों ने इनैलो, जजपा, लोसुपा जैसे दलों को जनता के सामने नंगा कर दिया,जो चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ बोल रहे थे लेकिन चुनाव में भाजपा की मदद करते नजर आए। विधानसभा चुनाव में ऐसे दलों को जनता मुंह नहीं लगाएगी। मनोहर सरकार को पेपर लीक सरकार बताते हुए हुड्डा ने कहा कि चंडीगढ़ में वह इस मुद्दे को उठाएंगे।

उनके पास पेपर लीक को लेकर काफी सबूत हैं। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा को सी.एम. मनोहर लाल ने राजकुमार सैनी के जरिए जलवाया। रोहतक में एक मंत्री के पी.एस.ओ. के पास लूट का सामान जाट आंदोलन दौरान मिला था। प्रकाश सिंह कमेटी की रिपोर्ट इस सरकार ने सार्वजनिक नहीं की। लोकसभा चुनावों में मंत्री मनीष ग्रोवर के साथ नामी बदमाश था। इससे साफ है कि भाजपा ने चुनावों में धन के साथ बाहुबल का भी इस्तेमाल किया।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा के 5 साल के शासन में प्रदेश में 80 लोग पुलिस की गोली से मारे गए। इससे पहले प्रदेश में ऐसा कभी नहीं हुआ था। विधानसभा चुनाव कांग्रेस अपने 2005 से 2014 तक के 10 साल के शासन बनाम मनोहर लाल के 5 साल के शासन के मुद्दे पर लड़ेगी और इसमें जीत कांग्रेस की होगी। 

kamal