महिला पुलिस दिवस पर CM खट्टर की सौगात, खुलेंगे नए महिला थाने

8/5/2017 5:53:11 PM

हिसार(विनोद सैनी):हिसार के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के चौ. चरण सिंह सभागार में द्वितीय महिला पुलिस दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां मनोहर लाल खट्टर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने महिला पुलिस को उनकी बहादुरी और जिम्मेदारी का निर्वाहन करने के लिए बधाई दी। महिला पुलिस अधिकारियों ने सीएम को सलामी दी और उनका स्वागत किया। महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मनाए जा रहे इस कार्यक्रम में हरियाणा के तमाम जिलों से महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिरकत की।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा महिला पुलिस के उन पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया। जिन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान अपनी कर्तव्य परायणता व साहस का परिचय देकर हरियाणा पुलिस को गौरवान्वित किया है। इस दौरान चार महिला पुलिस कर्मचारियों का सीएम ने सम्मान किया। जबकि हीरो मोटर क्रॉप की तरफ से हरियाणा पुलिस के 20 महिला थानों को 100 स्कूटी देकर सम्मानित किया गया।

सी.एम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश का चौथा पुलिस ट्रेनिंग सेंटर हिसार में खोला जाएगा जो कि विशेष तौर पर महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पित होगा। इसके अलावा उन्होंने फरीदाबाद और गुरुग्राम में नए महिला थाने खोलने की भी बात कही। महिला पुलिस थानों में कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच भी खोले जाएंगे।