ताज सजाकर भारत लौटीं मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

11/26/2017 3:13:51 PM

चंडिगढ़(ब्यूरो): दुनियाभर की 118 सुंदरियों को मात देकर मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली मानुषी छिल्लर अपने देश लौट आई हैं। मानुषी ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट से मुंबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरीं। वहां हजारों की भीड़ मानुषी की एक झलक पाने के लिए मौजूद रही। एयरपोर्ट पर भारतीय परंपरा के अनुसार उनका धमाकेदार स्वागत किया गया और मानुषी ने अपने फैन्स का अभिवादन स्वीकार किया। अब रविवार को बड़े पैमाने पर उनका स्वागत समारोह होगा। बताया जा रहा है कि लंदन में मानुषी के प्रोग्राम में कुछ बदलाव हुए जिसके बाद उन्हें तय कार्यक्रम से चार दिन पहले ही भारत लौटना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा की रहने वाली मानुषी ने इस साल फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीता था। इसके बाद छिल्लर ने चीन के सान्या शहर एरीना में आयोजित समारोह में दुनिया के विभिन्न हिस्सों से 108 सुंदरियों को पछाड़ कर मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया है। प्रियंका चोपड़ा के मिस वर्ल्ड बनने के 17 साल बाद मानुषी ने यह खिताब अपने नाम किया।

मानुषी छिल्लर देश की छठी मिस वर्ल्ड हैं, इससे पहले रीता फारिया, ऐश्वर्या राय, डायना हेडन, युक्ता मुखी, प्रियंका चोपड़ा मिस वर्ल्ड का खिताब जीत चुकी हैं। फाइनल राउंड में मानुषी छिल्लर से जूरी ने सवाल पूछा था कि किस प्रोफेशन में सबसे ज्यादा सैलरी मिलनी चाहिए और क्यों? इसके जवाब में मानुषी ने कहा था, 'मां को सबसे ज्यादा सम्मान मिलना चाहिए। इसके लिए उन्हें कैश में सैलरी नहीं बल्कि सम्मान और प्यार मिलना चाहिए।'