मानुषी को प्लाॅट और अोलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट जितना इनाम मिले: हुड्डा

11/21/2017 6:43:12 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी):हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिह हुड्डा ने कहा है कि सरकार के लिए केवल ‘‘बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ’’ मुहिम के लिए मानुषी छिल्लर को ब्रांड एम्बेसडर बनाना ही काफी नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की  है कि मानुषी छिल्लर को अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीतने वाले खिलाड़ियों की तरह ही गुरूग्राम, पंचकूला या उनके पसंद के किसी शहर में 500 गज का आवासीय प्लाट और छः करोड़ रूपए की राशि इनाम स्वरूप दी जानी चाहिए क्योंकि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की सौन्दर्य प्रतियोगिता जीतना कोई आसान काम नहीं है। 

हुड्डा ने कहा मानुषी छिल्लर ने 117 देशों की सुन्दरियों को पछाड़ते हुए विश्व सुन्दरी का खिताब जीता है। एक होनहार बेटी को हम जितना बड़ा सम्मान देते हैं, वो संदेश हमारी लाखों बेटियों तक पहुंचता है और उन्हें हौसला देता है। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की बेटी मानुषी छिल्लर द्वारा विश्व सुन्दरी का खिताब जीतना न केवल प्रदेश के लिए बल्कि पूरे देश के लिए खुशी और गर्व की बात है। इससे पहले भी हरियाणा की बेटियों, जिनमें कल्पना चावला, गीता फौगाट व साक्षी मलिक जैसी हस्तियों ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्य रूप से कृषि प्रधान प्रदेश होते हुए भी शिक्षा, खेलों व कला क्षेत्र में हरियाणा की बेटियों ने जो छलांग लगाई है, वो भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है व बढ़ती नारी शक्ति की प्रतीक भी है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश की युवा नारी शक्ति के जज्बे को सैल्यूट करती है।