संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत(Video)

7/16/2018 10:08:37 AM

हांसी(संदीप सैनी):  हांसी उपमंडल के गांव सुल्तानपुर में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका सुनीता के पिता ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को सास व उसके पति ने जबरदस्ती फांसी देकर मारा है। पुलिस ने मृतका के पिता वेदप्रकाश की शिकायत पर सास व पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी शिकायत में जुई निवासी वेदप्रकाश ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की शादी इसी वर्ष 5 मार्च को सुल्तानपुर निवासी मनदीप के साथ हुई थी। लेकिन शादी के बाद ही ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी को दहेज के लिये प्रताड़ित करने लगे। उनके द्वारा लग्जरी कार की डिमांड की जा रही थी। दहेज प्रताड़ना सह रही उनकी बेटी ने इस बारे में कई बार परिवार में शिकायत भी की थी। 

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक सप्ताह से उनका सुनीता से कोई संपर्क नहीं हो रहा था। दामाद द्वारा भी कोई जानकारी नहीं दी जा रही थी। जिसके चलते वह अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित थे। रविवार दोपहर में उनके पास गांव के सरपंच का फोन आया कि उनकी बेटी ने फंसी लगा आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिये सिविल  अस्पताल ले आई। पुलिस ने मृतका की सास ओमपति व पति मंदीप के खिलाफ दहेज प्रताड़ना व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
 

Rakhi Yadav