संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप(video)

4/23/2018 7:02:24 PM

यमुनानगर(सुमित ओबरॉय):  यमुनानगर के दुसानी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर के बाथरूम में लगे शावर से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

दरअसल, 26 वर्षीय प्ररेणा की शादी छह महीने पहले दुसानी के अंकित के साथ हुई थी।  मृतका के पिता धूमसी निवासी सुरेश चंद का कहना है कि जब उसकी बेटी ने फंदा लगाया तो उसके ससुराल वालों ने फोन कर उन्हें इसकी सूचना दी। उन्होंने कहा था कि कि प्रेरणा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है।

जब वह यहां आए तो मामला कुछ और ही निकला। यहां आकर बताया गया कि उसकी बेटी ने बाथरूम में लगे शावर पर लटककर फांसी लगा ली। मृतका के पिता का कहना है कि शावर पर कोई फांसी कैसे लगा सकता है।

उन्होंने कहा कि बेटी के ससुराल वाले उसे दहेज के लिए तंग करते थे। उसकी बेटी की शादी को छह महीने भी नही हुए और वो लोग उसे परेशान करते थे। इतना ही नहीं कभी तो उनसे बात तक नहीं करने देते थे। यदि कभी वह अपनी बेटी के पास फोन कर लेते थे तो वह बीच में ही फोन छीनकर काट देते थे। 

उनका आरोप है कि उन्होंने उनकी बेटी की हत्या की है। इस बात को लेकर सिविल अस्पताल में काफी देर हंगामा चलता रहा। वहीं, इस मामले को लेकर दोनों पक्षो में बहस भी हुई। इस मामले को लेकर जांच अधिकारी अरविंद शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा  रही है। जल्द ही सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।

Rakhi Yadav