घर की इज्जत की खातिर विवाहिता ने मौत को लगाया गले, सुसाइड नोट में लिखी वजह

5/30/2017 9:03:52 AM

रेवाड़ी (वधवा):कोसली के गांव जुड्डी में विवाहिता ने छेड़छाड़ से तंग आकर फंदा लगा लिया। सुसाइड नोट में युवक पर तंग करने का आरोप लगा है। युवक गांव से फरार है। जुड्डी गांव की शिक्षित बी.एससी. 23 वर्षीय गीतांजलि का विवाह गांव कालूवास में हुआ था लेकिन जुड्डी का एक युवक हेमंत यादव लगातार छेड़छाड़ कर रहा था। युवती के ससुराल वालों को जब लड़के की करतूत का पता चला तो उन्होंने युवती को उसके मायके भेज दिया। तभी से गीतांजलि अपने मायके रह रही थी। यहां भी हेमंत उसे लगातार परेशान कर रहा था। परेशान युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी।

सूचना पाकर नाहड़ पुलिस को गीतांजलि द्वारा लिखित सुसाइड नोट मिला। उसने लिखा है कि-हेमंत के कारण उसे व परिवार को अपमानित होना पड़ रहा था और परिवार परेशान था। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। नाहड़ पुलिस के अनुसार दयाराम की शिकायत पर हेमंत के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है। शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतका का सोमवार को रेवाड़ी के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया गया है।