पति व दो बच्चों को छोड़ कर किया था प्रेम विवाह, दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता

1/27/2020 1:20:48 PM

भिवानी (अशोक भारद्वाज) : गणतंत्र दिवस पर भिवानी में एक ऐसा मामला सामने आया है। जहां एक विवाहिता को उसके पति ने मार कर फंदे पर लटका दिया और उसे आत्महत्या का नाम दे दिया। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के ससुराल वाले उसे दहेज के लिए तंग व परेशान करते रहते थे। उन्होंने शक जाहिर किया कि जरीना की गला घोट कर हत्या करने के बाद उसके शव को पंखे से लटकाया गया है। फिलहाल पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
 


जानकारी के मुताबिक चरखी दादरी जिला के कपूरी गांव निवासी जरीना की शादी भिवानी में हुई थी। जरीना दो बच्चों की मां थी। इसके बावजूद उसने अपने पति व दोनों बच्चों को छोड़ कर तीन साल पहले बैंक कॉलोनी निवासी सुरेन्द्र के साथ प्रेम विवाह किया था।



जरिना के परिजनों का आरोप है कि सुरेन्द्र बाइक व प्लाट की मांग को लेकर जरिना को शुरु से ही तंग करता था। अब उनके पास फोन आया कि जरिना से मिलने आएं। जरूरी काम है। पर जब वो जरिना के घर पहुंचे तो वह फांसी के फंदे पर लटक रही थी। मृतका के भाई फिरोज व मां मुन्नी ने बताया कि आपसी कहासुनी व मांग के चलते सुरेन्द्र ने जरिना को मार कर फांसी के फंदे पर टांग दिया है। साथ ही इसके पीछे पड़ोस की एक महिला की भी इसमें मिलीभगत होने का आरोप लगाया है।



वहीं मामले की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच कर रहे एएसआई राजेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतका जरिना की मां मुन्नी की शिकायत पर मृतका के पति बैंक कॉलोनी निवासी सुरेन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। उन्होने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के दौरान जो सच्चाई सामने आएगी उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Isha