विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, भाई ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

4/4/2018 2:53:41 PM

झज्जर(प्रवीन धनखेर): झज्जर के गांव भदानी में एक विवाहिता ने बीती शाम को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मायके पक्ष से लड़की के भाई का आरोप है कि उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताडित किया जा रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रखा गया है। विवाद के चलते विवाहिता के पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सकों की टीम बनाई गई है। 

जानकारी के मुताबिक बीती शाम भदानी गांव की रहने वाली 30 वर्षीय विवाहिता सीमा पत्नी संदीप ने फांसी लगा ली। सीमा के भाई विकास गिल ने बताया कि उसकी बहन की छह साल पहले संदीप के साथ शादी हुई थी। उनके पास पांच साल का एक बेटा भी है। फांसी की सूचना उनको फोन से मंगलवार देर शाम साढे चार बजे दी गई थी। जब वो परिजनों को साथ लेकर गांव पहुंचे तब सीमा को नीचे लिटाया हुआ था और उसके हाथ व गले पर चोट के निशान थे। 

उसकी हाथ की चुडिय़ां टूटी हुई थी। नाक के अंदर से खून आया हुआ था। इस बीच सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। विकास ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन को दहेज के लिए मारा गया है। उसकी बहन को इस बात के लिए पहले भी मारा पीटा गया था और पैसे की मांग की जाती रही। कई बार ये मांग पूरी की गई, लेकिन अब आखिकार उनको मार दिया गया। इस बीच पुलिस ने सास ससुर,पति व ननद के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम बोर्ड द्वारा बुधवार को किया गया।  

आखिर ये सुसाइड़ नोट किसका 
ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि यह सुसाइड का मामला है। इसमें किसका कोई दोष नही है। इसके लिए वे एक सुसाइड़ नोट का भी हवाला दे रहे हैं। लेकिन सीमा के भाई विकास गिल ने इन तथ्यों को झूठला दिया है। इनका कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने एक साजिश के साथ उनको मारा है। सुसाइड़ नोट की कई प्रतियां मिली है। 

मृतका के भाई ने कहा कि ऐसा कभी होता है कि कोई सुसाइड़ से पहले कई फोटो कापी भी करा ले। सुसाइड़ नोट की फारेंसिंक जांच होनी चाहिए। इनका यह भी कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग कभी मंत्री का फोन कराकर पुलिस पर दबाव बना रहे है। कभी किसी नेता का फोन करा रहे है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।  
 

Rakhi Yadav