दहेज प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने निगला जहर, मौत

1/17/2017 4:49:32 PM

बहादुरगढ़:थाना शहर के अधीन एक विवाहिता पूजा की मौत के मामले में उसके ससुराल पक्ष के 3 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी की कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई। विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में डाक्टरों के पैनल से हुआ है। महाबीर मंदिर के नजदीक रहने वाली पूजा की शादी लगभग साढ़े 4 साल पहले दीपक के साथ हुई थी। शादी के बाद उसने एक बेटी को जन्म भी दिया। बताया गया है कि कुछ दिनों पहले ही वह दिल्ली में टीचर नियुक्त हुई थी। पूजा की मां व पिता के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों का आरोप है कि पूजा के साथ ससुराल पक्ष के लोग झगड़ा करते थे और उससे दहेज की मांग भी करते रहते थे।

 

बता दें कि रविवार को संदिग्ध हालातों में जहरीला पदार्थ खाने से बेसुध हुई पूजा को शहर के एक निजी अस्पताल लाया गया था जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। पूजा के मायके के लोगों का कहना था कि अक्सर उसके साथ झगड़ा किया जाता था। इस बारे में उसने परिजनों को भी बताया था। उधर, जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार ने बताया कि पूजा की मां के बयान पर उसके पति, सास व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। वहीं, ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि पूजा के साथ कोई झगड़ा नहीं होता था और न ही दहेज की डिमांड की जाती थी। उन पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं।