विवाहिता ने चार बच्चों सहित खाया जहर, दो बेटियों समेत तीन की मौत

12/13/2021 10:37:58 PM

फतेहाबाद (रमेश भट्ट): जिले के गांव बनगांव में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने चार बच्चों सहित जहर खा लिया। महिला व उसके बच्चों को गंभीर हालत में फतेहाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां महिला और उसकी दो बेटियों ने दम तोड़ दिया। वहीं एक लड़की व एक लड़के को उपचार के लिए हिसार रेफर किया गया है। इन दोनों बच्चों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी शहर के निजी अस्पताल में पहुंची और परिजनों से बातचीत की।



जानकारी के अनुसार गांव दौलतपुर निवासी करीब 30 वर्षीय किरण की शादी गांव बनगांव निवासी व्यक्ति वकील के साथ हुई थी। किरण के चार बच्चे थे जिनमें सबसे छोटा 2 साल का लड़का कशिश है। बताया जाता है कि किरण के पति वकील की करीब दो माह पूर्व मौत हो गई थी। इसके बाद से ही किरण मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। सोमवार दोपहर को किरण ने घर में रखी सल्फास की गोलियां अपनी तीनों लड़कियों व लड़के को खिला दी और उसके बाद स्वयं भी सल्फास खा ली।



परिजनों ने जब सभी को गंभीर हालत में देखा तो तुरंत इन्हें उपचार के लिए फतेहाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां किरण और उसकी दो लड़कियों को मृत घोषित कर दिया जबकि 5 वर्षीय आइना व 2 वर्षीय लड़के कशिश की हालत गंभीर होने पर उन्हें हिसार रेफर किया गया है। मृतक लड़कियों की आयु 11 व 8 वर्ष बताई गई है। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं महिला के घर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam