विवाहिता ने अढ़ाई साल के बच्चे के साथ की खुदकुशी, बाद में पति ने भी उठाया ये कदम, महिला की मौत

6/21/2021 9:59:38 AM

पिल्लूखेड़ा : पिल्लूखेड़ा खंड के गांगोली गांव में रविवार दोपहर एक विवाहित महिला और उसका अढ़ाई साल का बेटा लक्की संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे पर लटक गए। इसमें महिला की मौत हो गई, जबकि उसका अढ़ाई साल का बेटा लक्की फांसी के फंदे से गिर गया और उसकी जान बच गई। इस हादसे से घबराए महिला के पति ने भी फांसी का फंदा लगा लिया। उसे गंभीर हालत में हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार गांगोली गांव में ही हेयर कटिंग सैलून चलाने वाले 28 साल के अजीत की पत्नी 26 वर्षीय संध्या रविवार दोपहर घर में पंखे पर फांसी के फंदे में लटकी मिली। संध्या के अढ़ाई साल के बेटे लक्की के गले पर भी फांसी के फंदे के निशान मिले, मगर फंदा टूट जाने से वह नीचे गिर गया और इसमें उसकी टांग टूट गई। फांसी का फंदा टूट जाने से लक्की की जान बच गई। बताया जा रहा है कि अजीत इस घटना के समय गांव के अपने हेयर कटिंग सैलून में था। उसके परिवार के दूसरे लोगों को अनहोनी की आशंका लगी तो उन्होंने दरवाजा खोला। सामने फांसी के फंदे पर संध्या और दूसरे फंदे पर संध्या का बेटा लक्की लटके हुए थे। दोनों को फांसी के फंदे से तुरंत उतारा गया।

इस दौरान संध्या की मौत हो गई और उसके बच्चे की जान बचा ली गई। संध्या के पति अजीत ने अपने घर में उस समय फांसी का फंदा पीछे वाले कमरे में जाकर लगा लिया, जब गांव के लोग काफी संख्या में उसके घर में मौजूद थे। यहां मौजूद लोगों ने जब अजीत की तलाश की, तब वह आस-पास नहीं मिला तो पीछे वाले कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ कर लोग अंदर गए तो अजीत भी फांसी के फंदे पर पंखे पर लटका हुआ था। उसे फंदे से उतारा गया। अजीत के मुंह से खून आ रहा था और उसकी गर्दन सीधी नहीं हो रही थी। गंभीर हालत में अजीत को हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। गांगोली में इस दर्दनाक हादसे की सूचना पर सफीदों के एएसपी नीतिश अग्रवाल खुद मौके पर पहुंचे। जींद से एफएसएल और सीन आफ क्राइम की टीम भी पहुंची। संध्या के शव को पोस्टमार्टम के लिए जींद के सिविल अस्पताल लाया गया। पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी सत्यवान ने कहा कि महिला की मौत की जांच की जा रही है।

पति-पत्नी के बीच विवाद को बताया जा रहा हादसे की वजह
गांगोली गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों का यही कहना था कि अजीत और उसकी पत्नी के बीच विवाद रहता था। इसी विवाद के चलते संध्या ने उस समय अपने बेटे और खुद को फांसी लगा ली, जब घर में दूसरा कोई सदस्य नहीं था।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Manisha rana