विवाहिता से नौकरी लगवाने के नाम पर किया दुष्कर्म, फोटो व वीडियो वायरल करने की देता था धमकी

12/3/2021 8:34:35 AM

पिहोवा : पुलिस अधीक्षक के आदेश पर सदर पुलिस ने उपमंडल के गांव निवासी विवाहिता को नौकरी लगवाने के नाम पर उससे दुष्कर्म करने व विरोध करने पर उसकी अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पीड़ित महिला की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे नौकरी की तलाश थी। अक्तूबर 2020 में उसने फेसबुक पर रजत नायर निवासी भुज (गुजरात) की आई.डी. पर नौकरी का एक विज्ञापन पोस्ट किया हुआ था। उसने उसे नौकरी लगवाने बारे रजत नायर से बात की। अप्रैल 2021 में रजत का फोन आया कि उसकी नौकरी लग गई है व ज्वाइनिंग लैटर लेकर चंडीगढ़ आ रहा है। विश्वास कर वह रजत के बताए चंडीगढ़ होटल पहुंच गई जहां उसने उसको एक कम्पनी का ज्वाइनिंग लैटर दिया।

पीड़िता अनुसार रजत ने उसे अगले दिन अन्य कर्मियों से मिलवाने की बात कह रात को वहीं होटल में रोक लिया था। रात्रि खाना खाने के बाद रजत ने उसे कोल्डड्रिंक दी जिसे पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे। वह उसे अपने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर रजत ने उसे उसकी फोटो व वीडियो दिखाई और धमकी दी कि अगर उसने उसकी बातों को नहीं माना तो वह उसके रिश्तेदारों में वायरल कर देगा। इतना ही नहीं रजत ने उसे दिया उसका ज्वाइनिंग लैटर व 10 हजार रुपए भी छीन लिए। पीड़िता अनुसार रजत उसे ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस काम में उसके माता-पिता व उसकी बहन भी साथ देती है। तंग आकर उसने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की जिनके आदेश पर सदर पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर रजत नायर, सरस्वती, रविंद्र नायर व रश्मि के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana