दहेज की बलि चढ़ी एक और विवाहिता, पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुरालजनों के खिलाफ किया मामला दर्ज

11/30/2023 4:16:57 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : यमुनानगर जिले के गांव जागधौली की रहने वाली विवाहिता ने दहेज के लोभियों से तंग आकर ससुराल में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका इशिका के पिता ने ससुराल पर दहेज के लिए तंग करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजन को सौंप दिया। परिजन की शिकायत पर मृतक महिला के पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 

3 साल पहले हुई थी शादी 

परिजनों ने बताया कि इशिका की शादी जागधौली के विशाल से तीन साल पहले हुई थी। उसका एक साल का बेटा भी है। शादी के कुछ समय तक सब ठीक था। लेकिन डेढ़ साल के बाद ससुराल पक्ष ने दहेज के लिए इशिका को मारना-पीटना और मानसिक रूप से तंग करना शुरू कर दिया। 15 नवंबर विशाल इशिका को कैथल उसके मायके में छोड़ आया था। तबसे वह मायके में ही रह रही थी। अब  मंगलवार को उसका पति विशाल हमारे घर कैथल आया और हमसे झगड़ा कर इशिका को जबरदस्ती अपने घर जागधौली ले आया। बुधवार शाम को हमें विशाल ने फोन पर बताया कि इशिका के पेट में दर्द है और उसकी तबियत खराब हो गई है और इसे डॉक्टर को दिखाना है। जब हम कैथल से यहां के लिए चले तो थोड़ी देर बाद ही विशाल का फिर फोन आ गया कि इशिका की मौत हो चुकी है। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana