शहीदी स्मारक बनेगा राष्ट्रीय स्मारक:विज

1/28/2017 9:16:36 AM

चंडीगढ़ (संघी):हरियाणा सरकार की ओर से अम्बाला में बनाए जा रहा शहीदी स्मारक एक राष्ट्रीय स्मारक के तौर पर निर्मित किया जाएगा, जिसमें 1857 से बहादुरशाह जफर तक के पूरे इतिहास का ऑडियो-विडियों माध्यम से दर्शाया जाएगा। स्वास्थ्य एवं अभिलेखागार मंत्री अनिल विज ने आज यहां इस संबंध आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि इसमें प्रथम स्वतंत्रता युद्घ की घटनाओं तथा उसके बाद से बहादुरशाह जफर तक की सभी घटनाओं को विस्तार से दिखाया जाएगा। इसमें रानी झांसी, टांत्या टोपे सहित सभी शहीदों की प्रतिमाओं को लगाया जाएगा ताकि दर्शकों को उसी प्राचीन समय की याद दिलाई जा सके। 
उन्होंने कहा कि 1857 में सबसे पहले अम्बाला से ही आजादी की लड़ाई शुरू हुई थी।उन्होंने बताया कि इस स्मारक में फूड कोर्ट, सूचना केंद्र, प्रदर्शनी स्थल, पुस्तक स्टोर, तालाब, ओडिटोरियम सहित करीब 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इस स्मारक में अम्बाला से लेकर हरियाणा तथा उत्तरप्रदेश सहित अन्य सभी स्थानों की घटनाओं का भी विस्तृत वर्णन किया जाएगा।