पानीपत में नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर बोला धावा, सेल्समैन का सिर फोड़ा...1.25 लाख लूटे

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 04:42 PM (IST)

पानीपत(सचिव) : हरियाणा के पानीपत जिले में बेखौफ बदमाशों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहाँ शुक्रवार, 3 जुलाई की देर रात एक पेट्रोल पंप पर सात नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कार से पहुंचे इन बदमाशों ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, उसका आईफोन-15 तोड़ दिया और गल्ले से सवा लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। लूटपाट की यह पूरी सनसनीखेज वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है।

चारपाई पर लेटे सेल्समैन पर अचानक हमला
थाना सेक्टर 13-17 पुलिस को दी गई शिकायत में गांव बबैल निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह पिछले करीब 4-5 साल से गांव के ही राकेश के पेट्रोल पंप (शिव फ्यूल) पर बतौर सेल्समैन काम करता है। शुक्रवार रात करीब 12:10 बजे नरेश पंप के ऑफिस में रखी चारपाई पर लेटा हुआ था। इसी दौरान पंप पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आकर रुकी।नरेश गाड़ी में तेल डालने के लिए जैसे ही ऑफिस से बाहर निकला, कार से मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे हुए करीब 6-7 अज्ञात लड़के नीचे उतरे और उसे दबोच लिया।

पिस्तौल की बट से किया वार, आईफोन-15 भी तोड़ा
बदमाश सेल्समैन नरेश को जबरन घसीटते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस के अंदर ले गए।दो बदमाशों ने अपने हाथों में लिए देसी पिस्तौल (क्रूड पिस्टल) की बट से नरेश के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। पहचान छुपाने और पुलिस को तुरंत सूचना देने से रोकने के लिए एक बदमाश ने नरेश की जेब से उसका कीमती आईफोन-15 निकाला और उसे पूरी ताकत से जमीन पर दे मारा, जिससे मोबाइल चकनाचूर हो गया।

सीसीटीवी के रुख बदले, कार की टंकी फुल कराकर हुए फरार
नरेश को लहूलुहान करने के बाद बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख दूसरी तरफ मोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने गल्ले (कैश बॉक्स) को खंगाला और उसमें रखी करीब 1.25 लाख रुपये की नकदी समेट ली।

पुलिस जांच जारी
 बदमाशों के जाने के बाद घायल सेल्समैन ने किसी तरह पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के नंबर और बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static