रेवाड़ी में UTL सोलर कंपनी में भीषण आग का तांडव, मौके पर 12 दमकल गाड़ियां पहुंची; मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 10:47 AM (IST)
रेवाड़ी (महेन्द्र भारती) : हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल औद्योगिक क्षेत्र से इस वक्त की सबसे बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। यहाँ स्थित UTL सोलर कंपनी में बीती रात करीब 11:00 बजे लगी भीषण आग पर अभी तक पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है।

तड़के सुबह तक भी आग की लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान को चीरता हुआ दिखाई दे रहा है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें पूरी रात से ही मौके पर डटी हुई हैं। आग लगने की घटना कल रात लगभग 11:00 बजे की है, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं।आग इतनी भयानक है कि दमकल की प्रत्येक गाड़ी अब तक 10 से 12 बार रिफिल करवाई जा चुकी है, लेकिन आग की तीव्रता अब भी कम होने का नाम नहीं ले रही।

पुलिस प्रशासन की भारी टीम मौके पर तैनात है और सुरक्षा के लिहाज से आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी सतर्क कर दिया गया है।आग बुझाने के प्रयास जारी है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। सोलर कंपनी होने के कारण अंदर रखे ज्वलनशील पदार्थों ने आग को और अधिक भड़का दिया है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो पाएगी। अभी तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया गया है। दमकल की टीमें लगातार पानी की बौछारें कर रही हैं और आसपास के जिलों से भी मदद मंगाने की संभावना जताई जा रही है।