करनाल लोकसभा सीट से अरुण जेतली हो सकते हैं प्रत्याशी

3/10/2019 1:43:44 PM

चंडीगढ़ (बंसल): केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली करनाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी हो सकते है। मुख्यमंत्री ने जेतली से करनाल सीट से चुनाव लडऩे का आग्रह किया है। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री ने उन्हें जीत का विश्वास दिलाते हुए कहा कि आप नहीं तो मैं चुनाव लड़ूंगा। 8 मार्गीय द्वारका कंट्रोल्ड एक्सप्रैस-वे के उद्घाटन अवसर पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री जेतली ने कोर टीम के साथ चुनाव लडऩे के बारे में चर्चा की। हालांकि इससे पूर्व यह चर्चा चल रही थी कि केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी करनाल से चुनाव लड़ सकती हैं लेकिन फिर यह चर्चा ठंडी पड़ गई। करनाल मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र है और इस सीट पर सबकी निगाहें हैं।

बिजेंद्र को रोहतक सीट से ऑफर, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र ने ठुकराया
हाईकमान ने केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे आई.ए.एस. अधिकारी बिजेंद्र सिंह को रोहतक लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाने का ऑफर दिया, लेकिन बीरेंद्र सिंह ने यह आफर ठुकराते हुए सोनीपत या हिसार से प्रत्याशी बनाने की मांग की। 

बीरेंद्र सिंह ने हाईकमान को स्पष्ट कर दिया कि पारिवारिक रिश्तों के चलते उनका बेटा रोहतक से चुनाव नहीं लड़ सकता। कई दिनों से चर्चा चल रही है कि बिजेंद्र सिंह चुनाव लडऩे के इच्छुक हैं। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र ने हाईकमान को यहां तक कह दिया है कि बेटे के लिए वह अपना पद छोड़ देंगे, क्योंकि यह बात सामने आ रही थी कि एक परिवार से 3 सदस्यों को कैसे राजनीतिक पदों पर रखा जाए। बीरेंद्र की पत्नी प्रेमलता उचाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

Shivam