मेयर के औचक निरीक्षण से नगर निगम में मचा हड़कंप, नदारद कर्मियों की लगाई गैरहाजिरी

7/20/2019 7:57:24 PM

यमुनानगर (सुमित ओबेरॉय): यमुनानगर नगर निगम कार्यालय में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब मेयर मदन चौहान कर्मचारियों की लेटलतीफी व गैरहाजिरी जांचने के लिए औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मेयर मदन ने निगम कार्यालय में नदारद मिले सात कर्मचारियों की गैरहाजिरी लगवा दी, साथ ही सुपरिंटेंडेंट को चेतावनी दी कि आगे भी ऐसी कार्रवाई करते रहें।

दरअसल, मेयर मदन चौहान ने शनिवार को सुबह दस बजे नगर निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। ऑफिस की व्यवस्थाएं जांचने के बाद वे सीधा कार्यालय सुपरिटेंडेंट प्रदीप कुमार के रूम में गए और हाजिरी रजिस्टर चेक करने लगे। इसके बाद मेयर चौहान सुपरीटेंडेंट प्रदीप को साथ लेकर नगर निगम की हर ब्रांच व रूम में गए। इस दौरान टैक्स ब्रांच व एक्सईएन रामस्वरूप के रूम समेत कई कमरों में कर्मचारी अपनी सीट व ड्यूटी से गायब मिले, उन्होंने कर्मचारियों का नाम लिखकर तुरंत उनकी गैर हाजिरी लगवाई।



जांच करने पर नगर निगम में कार्यरत आउटसोर्सिंग के 62 कर्मचारियों में से सात गैर‌हाजिर मिले। मेयर मदन चौहान ने तुरंत कार्यालय सुपरिटेंडेट प्रदीप कुमार को निर्देश देकर गायब मिले कर्मचारियों की अब्सेंट लगाने को कहा। सुपरिटेंडेट प्रदीप ने इस दौरान सात कर्मचारियों की अब्सेंट लगाई, जबकि एक कर्मचारी की लीव लगाई गई। मेयर मदन चौहान ने सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने और बायोमैट्रिक में हाजिरी लगाने के निर्देश दिए, साथ ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

Shivam