हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं को झटका, अब 3 फीसदी होगा MC टैक्स

9/30/2020 12:10:41 PM

चंडीगढ़ (अविनाश पांडेय) : हरियाणा में नगर निगमों की आय बढ़ाने के लिए अब बिजली उपभोक्ताओं को झटका देने की तैयारी है। निकाय विभाग के प्रस्ताव में दो फीसदी एम.सी. टैक्स को बढ़ाकर तीन फीसदी करने की योजना बनाई गई है। हालांकि यह भार सिर्फ 10 नगर निगमों के अधीन आने वाले बिजली उपभोक्ताओं पर ही पड़ेगा लेकिन भविष्य में इसेे सभी निकायों में  लागू किया जा सकता है। निगमों के पास यह राशि उपभोक्ताओं के कुल बिजली बिलों पर तीन फीसदी वसूली जाती है।

मसलन, लाखों रुपए बिजली बिजली बिल देने वाले उपभोक्ताओं को हजारों रुपए का फटका लगना तय है। एम.सी. टैक्स बढ़ोत्तरी की फाइल शहरी निकाय मंत्री अनिल विज से होकर मुख्यमंत्री के पास भेजी गई है। नगर निगमों की आय बढ़ाने को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। महीनों पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में निगम कमिश्नरों की बैठक भी हुई थी, जिसमें निगमों की आय को लेकर मंथन किया गया था। इसी कड़ी में अब बिजली बिलों के जरिए वसूले जाने वाले एम.सी. टैक्स में एक फीसदी बढ़ोत्तरी का तानाबाना तैयार किया गया है।

10 शहरों के उपभोक्ताओं को देना होगा ज्यादा बिल 
हरियाणा में मौजूदा समय में 10 नगर निगम गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत, अम्बाला, पंचकूला, करनाल, यमुनानगर, हिसार व रोहतक हैं। प्रदेश में पहले ही उपभोक्ताओं को ज्यादा बिजली बिल परेशान कर रहा था वहीं अब इस नए प्रस्ताव से और झटका लगेगा। 

नगर निगमों की वित्तीय हालत खराब, बकाया नहीं वसूल पाए निगम 
हरियाणा के नगर निगमों की वित्तीय हालत काफी खराब है। फरीदाबाद व गुरुग्राम जैसे निगमों का सैंकड़ों करोड़ रुपए प्रॉपर्टी टैक्स व अन्य मदों मेें बकाया पड़ा है, जिसे वसूलने के लिए अब तक निगम कोई कार्रवाई नहीं कर सका है। वहीं अन्य निगमों की हालत भी कुछ ऐसी ही है जो सरकार के ही भरोसे चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में अफसरों को दो टूक कहा था कि सरकार अब निगम चलाने के लिए पैसे नहीं देगी, बल्कि निगमों को खुद अपनी आय बढ़ानी होगी। लिहाजा अब निगम अफसरों ने बिजली बिलों में एम.सी. टैक्स बढ़ाकर कमाई का रास्ता खोज निकाला है।


 

Manisha rana