मी टू अभियान बंद होना चाहिए: राखी सावंत

11/15/2018 11:08:54 AM

अम्बाला(रीटा/सुमन): बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत ने कहा कि भारतीय परिवेश में मी टू अभियान का कोई औचित्य नहीं है, इस पर पाबंदी लगनी चाहिए। पंजाब केसरी से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि अमरीका जैसे देश में तो इसका प्रचलन भले ही सही हो लेकिन भारतीय संस्कृति में इसे सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि वह इस बात की कड़ी पक्षधर हैं कि महिलाओं को डरा-धमकाकर या मजबूर करके उनके साथ कोई ज्यादती नहीं होनी चाहिए लेकिन मीडिया में छाने के लिए बिना किसी सबूत के किसी पर लांछन लगाना भी ठीक नहीं है।  

उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं की एक लक्ष्मण रेखा होती है, जबकि पश्चिम के देशों में महिलाओं को हर तरह की आजादी है। कई बार जोश में कुछ महिलाएं सस्ती पब्लिसिटी हासिल करने के लिए बिना सबूतों के आरोप लगा देती हैं लेकिन बाद में उन्हें सामाजिक दिक्कत भी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि यदि वाकई किसी महिला के साथ कोई ज्यादती हुई हो उसे मीडिया ट्रायल का हिस्सा बनने की बजाय अदालत व पुलिस का दरवाजा खटखटाना चाहिए, ताकि आरोपी को सबक सिखाया जा सके।राखी ने कहा कि कुछ लोग मी टू की आड़ में बॉलीवुड को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। दरअसल, यह कुछ लोगों का पब्लिसिटी स्टंट है।

 उन्होंने कहा कि तनुश्री दत्ता जैसी महिलाएं देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रही हैं जिस पर अंकुश लगना चाहिए। मोदी को विश्व का बड़ा नेता बताते हुए राखी ने कहा कि पिछले साढ़े 4 साल में विकास के बहुत काम हुए हैं। लोगों को अगले 5 सालों के लिए मोदी को एक मौका और देना चाहिए। राहुल गांधी पर पूछे सवाल पर राखी ने कहा कि वह देशवासियों को बताएं कि महिलाओं, बुजुर्गों व देश को ऊंचा उठाने के लिए उनके पास कौन-सी योजनाएं हैं। 

Deepak Paul