25 अप्रैल को दिल्ली में हुड्डा गुट के विधायकों और नेताओं की होगी मीटिंग

4/22/2018 7:53:15 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): 29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने जा रही कांग्रेस की जन आक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री चौ भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने 25 अप्रैल को दिल्ली स्थित अपने आवास पर प्रदेश भर के नेताओं तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में कांग्रेस के सभी विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, 2014 के चुनाव में लोकसभा तथा विधानसभा के लिए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्षों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवा दल, तथा इनटेक में काम करने वाले नेताओं के अतिरिक्त पार्टी के ऐसे सक्रिय कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। जो अपने इलाकों में गहरी पैंठ रखते है। 

25 अप्रैल की इस मीटिंग में हरियाणा के हर कांग्रेसी नेता को उसकी क्षमता के अनुसार भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी द्वारा दिल्ली में आयोजित दो रैलियों में हरियाणा से भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में लाखों लोगों ने शिरकत की थी। 

गौरतलब है कि हुड्डा आजकल दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती हैं और स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। उनके सहयोगियों के अनुसार उनको 25 अप्रैल से पहले अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। उनकी अनुपस्थिति में सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा रैली की तैयारियों की कमान संभाले हुए प्रदेश के तमाम नेताओं से संपर्क कर रहे हैं।

दिल्ली कोठी में अपने करीबी विभिन्न हलकों के लोगों से लगातार मिलने व् उनकी ड्यूटियां लगाने का अभियान जारी है। दीपेन्द्र सिंह हुड्डा के अनुसार आज देश और प्रदेश का जनमानस भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण त्रस्त है। व्यापारी हो या कर्मचारी, किसान हो या मजदूर हर वर्ग इस सरकार से पीछा छुड़ाना चाहता है। 

इस रैली के माध्यम से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जनता की आवाज इस बहरी सरकार के कानों तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली के बाद भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। यह जन आक्रोश रैली भविष्य की राजनीति के लिए मील का पत्थर साबित होगी। जिसमे हरियाणा से लाखों लोगों की भागीदारी रहेगी।

 


 

Rakhi Yadav