झमाझम बारिश से लुढ़का पारा, भीषण ठंड हुई शुरू

12/13/2019 11:52:08 AM

गुडग़ांव (ब्यूरो) : साइबर सिटी में वीरवार की शाम अचानक हुई झमाझम बारिश से पारा लुढ़क गया और रात को लोगों ने भीषण ठंड का अहसास किया। बारिश के बाद ठंड इतनी थी कि लोग अपने घरों में कैद होने के लिए विवश हो गए। बारिश के बाद सड़कें सूनी दिखीं। यहां तक बाजारों में स्थित दुकानें भी रात को जल्द बंद होने लगीं। बता दें कि पिछले दो दिनों से ठंड अचानक बढऩी शुरु हुई। इसे देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा था कि बारिश हो सकती है, मौसम विभाग ने बारिश को लेकर बुधवार को पूर्वानुमान भी बताया था।

अनुमान सही निकला और बारिश हुई। बारिश के बाद आग का सहारा ले रहे लोगों में चर्चा थी कि इस बारिश ने ठंड को काफी बढ़ा दिया। लोगों ने आंकलन लगाते हुए कहा कि राजस्थान आदि प्रांतों में ओले भी पड़े हैं, इसके कारण ठंड और अधिक बढ़ेगी।अचानक हुई बरसात के कारण भींगने को मजबूर हुए लोग: देर शाम तक बरसात होने का अंदेशा भी नहीं था। हवाएं भी तेज नहीं चल रही थी। लोग दिनचर्या में लगें थे, लेकिन अचानक तेज हवाओं के साथ हुई बरासात के कारण लोगों को बचने का मौका तक नहीं मिला।

सड़कों पर ज्यादातर बाइक सवार, साकिई सवार व पैदल चलने वाले लोग इस अचानक बरसात में भींगने को मजबूर हुए।  घंटे भर में 10 डिग्री लुढ़का तापमान: शाम 5 बजे तक गुडग़ांव में तापमान 24 डिग्री पर बना था, अचानक से हवाएं तेज हुई और बरसात भी शुरू हो गई। महज घंटे भर में ही ठंड हवाओं के चलते पारा 14 डिग्री पर पहुंच गया। जानकारों का कहना है कि महज आधे घंटे की हुई बरसात ने ठंड की चेतावनी दे दी है। आने वाले कुछ दिनों में जनवरी माह तक पारा 7 डिग्री के नीचे बने रहने का अंदेशा जताया गया है। 
 

Isha