निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरा राज मिस्त्री, मौत
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 07:08 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गढ़ी हरसरू में निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर 50 वर्षीय राज मिस्त्री राम अवतार की मौत हो गई। वह मूल रूप से राजस्थान के दौसा जिले के रहने वाले थे और कई वर्षों से परिवार के साथ गढ़ी हरसरू में रहकर राज मिस्त्री का काम कर रहे थे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे राम अवतार इमारत की तीसरी मंजिल पर काम कर रहे थे। इस दौरान ईंट, रोड़ी-बजरी ऊपर ले जाने के लिए लगी ट्राली का पूरा सेटअप अचानक टूटकर नीचे गिर गया। ट्राली के साथ ही राम अवतार भी संतुलन खोकर नीचे आ गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास काम कर रहे अन्य मजदूरों ने तुरंत उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-93 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।