आज से बारिश के आसार, प्रदूषण में होगा सुधार, दिन के तापमान में होगी बढ़ौतरी

1/6/2020 10:27:32 AM

भिवानी (ब्यूरो) : अगर मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही निकली तो सोमवार से लेकर बुधवार तक जिले में बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे जहां फसलों को फायदा होगा वहीं दिन के तापमान में बढ़ौतरी होने से लोगों को ठंड से भी राहत मिलेगी। इसके अलावा इस संभावित बारिश और बूंदाबांदी से जिले के ए.क्यू.आई. में भी सुधार होने की संभावना है। यहां बता दें कि पिछले करीब 15 दिन से कड़ाके की ठंड और धुंध से लोगों का जीवन अस्त व्यस्त रहा है।

इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 30 दिसम्बर की सुबह 5 बजे जिले का न्यूनतम तापमान एक डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, बाकी दिनों में शनिवार तक जिले का न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सैल्सियस तक दर्ज किया गया। इस लगातार पड़ी ठंड से जहां लोगों को सर्दी और जुकाम जैसी बीमारियां हुईं वहीं किसानों की फसलों खासकर सब्जी की फसलों को बहुत नुक्सान हुआ है। 

यह बोले मौसम वैज्ञानिक 
इस बारे में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम वैज्ञानिक डा. राज सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते सोमवार से लेकर बुधवार तक कहीं कहीं बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। उन्होंने बताया कि इस दौरान आसमान में गरज चमक भी होगी। उसके बाद प्रदेश का मौसम साफ होने, लेकिन धुंध बढऩे की संभावना है। 

यह बोले कृषि अधिकारी 
इस बारे में कृषि विकास अधिकारी डा. चंद्रभान श्योराण ने बताया कि इस बदलते मौसम से किसानों की सभी तरह की फसलों को फायदा होगा। उन्होंने बताया कि इस समय होने वाली बारिश या बूंदाबांदी एक प्रकार से फसलों पर सोने पर सुहागे का काम करेगी। इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि इस समय सभी तरह की फसलें बढ़वार पर हैं। इसलिए इन फसलों को इस समय बारिश का पानी मिलता है तो उससे बहुत फायदा होता है। 

 

Isha