मौसम विभाग का येलो अलर्ट, सोमवार साबित हो सकता है महीने का सबसे गर्म दिन

6/10/2019 12:53:23 PM

सोनीपत: दिल्ली-एन.सी.आर क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान के मद्देनजर मौसम विभाग ने एक बार फिर से यैलो अलर्ट जारी किया है। अनुमानों के अनुसार सोमवार जून माह का सबसे गर्म दिन भी साबित हो सकता है। हालांकि 17 जून के बाद प्री-मानसून जिले में दस्तक दे सकता है, जिसके बाद तापमान में गिरावट आनी शुरू हो जाएगी। मानसून के लिए जिला वासियों को जुलाई माह के दूसरे सप्ताह तक इंतजार करना पड़ सकता है।

दरअसल, सप्ताह की शुरूआत में पूर्वी हवाएं चलने की वजह से वातावरण में नमी बढ़ गई थी और तापमान में भी दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज हुई थी परन्तु रविवार को एक बार फिर से लोगों को प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन का अधिकतम तापमान जहां 45 डिग्री तक पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री दर्ज किया गया है। दिन के समय लू चलने की वजह से तपिश और अधिक बढ़ गई। 

सुबह 10 से शाम के 4 बजे तक धूप में न निकलने की दी सलाह

रविवार के बाद सोमवार को भी प्रचंड गर्मी पडऩे का अनुमान लगाया जा रहा है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 32 डिग्री दर्ज हो सकता है। ऐसे में विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि धूप के सम्पर्क से बचने की कोशिश करे और सम्भव हो सके तो सुबह के 10बजे से लेकर शाम के 4 बजे तक घरों से बाहर न निकले। सप्ताह के अंत तक तापमान 43 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। जून माह के तीसरे सप्ताह से तापमान में गिरावट आनी शुरू हो जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब सूखे, पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा है प्रतिकूल प्रभाव 
पिछले 2 सप्ताह से पड़ रही भयंकर गर्मी और समय पर प्री मानसून की बरसात न होने की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में बने तालाब भी सूखने लगे है जिसके चलते पशु-पक्षियों के जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जबकि पशुपालन विभाग पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुका है कि पशुओं को दिन में कम से कम 3 बार ठंडे पानी से अवश्य नहलाएं। वहीं दूसरी तरह शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट भी गहरा गया है। बिजली के अघोषित कट भी जन-जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे है। 
 

Naveen Dalal