मंत्री पद छोड़ा है, राजनीति नहीं : बीरेंद्र

3/3/2020 9:58:29 AM

जींद (जसमेर) : पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने केवल मंत्री पद छोड़ा है, राजनीति नहीं। वह राजनीति करते रहेंगे। राज्यसभा की 2 सीटों के लिए हरियाणा में होने वाले चुनावों को लेकर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि इसमें एक सीट भाजपा और एक कांग्रेस के खाते में जाती नजर आ रही है। 

सोमवार को जींद में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता सुभाष ढिगाना द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्यातिथि के रूप में शरीक होने के बाद मीडिया से बात करते हुए बीरेंद्र सिंह ने कहा कि राज्यसभा से उन्होंने इस्तीफा पिछले साल दिया था। इस्तीफा इस साल मंजूर हुआ है। वह चुनावी राजनीति से रिटायर हुए हैं, राजनीति से नहीं। सिंह ने प्रदेश पर कई लाख करोड़ रुपए के कर्ज को लेकर कांग्रेस द्वारा की जा रही प्रदेश सरकार की आलोचना से जुड़े सवाल पर कहा कि किसी प्रदेश पर कितना कर्ज है, इससे उस प्रदेश की अर्थव्यवस्था का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।

कर्ज किसी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मापने का पैमाना भी नहीं है। वह 5 साल प्रदेश के वित्तमंत्री रहे हैं और दावे के साथ कह सकते हैं कि जिस देश या प्रदेश की जी.डी.पी. दहाई के आंकड़े में हो, वह देश या प्रदेश कर्ज को उतार सकता है। बीरेंद्र ने कहा कि 1966 में जब हरियाणा बना था, तब हरियाणा का बजट केवल 256 करोड़ रुपए का था। आज बजट एक लाख 62 हजार करोड़ रुपए का है। 

Isha