हरियाणा में सियासी पारा हाई; मंत्री गुर्जर ने कांग्रेस पर किया पलटवार, कहा- जनता खुश...आक्रोश सिर्फ कांग्रेस में

11/2/2023 12:44:37 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): रादौर विधानसभा में हुई कांग्रेस की जन आक्रोश रैली पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता में कोई आक्रोश नहीं है, जनता भाजपा की नीतियों से खुश है। आक्रोश कांग्रेस के अंदर है और जिस प्रकार की घोषणाएं कांग्रेस कर रही है वो कांग्रेस की हताशा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। भाजपा ने हरियाणा एक हरियाणवी एक का नारा दिया जो भाजपा के व्यवहार में है। बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश में भाजपा ने विकास किया।

इस दौरान मंत्री गुर्जर कहा किसानों के हित की बात करने वाली कांग्रेस के राज में किसानों को मुआवजे के नाम पर दो-दो रुपए के चेक दिए गए। भाजपा अब तक किसानों को 11 हजार करोड़ का मुआवजा दे चुकी है। भाजपा राज में हर वर्ग खुश है। वहीं गुर्जर ने कहा कि आज होने वाला करनाल का अंत्योदय सम्मेलन भी सफल कार्यक्रम होगा। अंत्योदय सम्मेलन को कांग्रेस भीड़ जुटाने का कार्यक्रम बता रही है। इस पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का खुद का संगठन नहीं है। जबकि भाजपा में पन्ना प्रमुख तक मजबूत संगठन हैं। कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा नीचे कोई संगठन नहीं है। वहीं उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पोर्टल सिस्टम के यू टर्न  वाले बयान पर भी पलटवार किया।

कांग्रेस की जन आक्रोश रैली पर कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने निशाना साधते हुए कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से खुश है। आक्रोश कांग्रेस के अंदर है। 10 साल से कांग्रेस सत्ता से बाहर है और इसी प्रकार जो घोषणाएं कांग्रेस कर रही है, वह कांग्रेस की हताशा का प्रतीक है। कांग्रेस ने अपने शासन में पेंशन नहीं बढ़ाई केवल ₹400 पेंशन बढ़ाई गई। जब कांग्रेस सत्ता से विदा हुई तो केवल ₹700 पेंशन थी। हालांकि कांग्रेस द्वारा ₹1000 पेंशन की घोषणा की गई थी, लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। भाजपा ने 2014 में सरकार बनते ही जो वादे किए उसे पूरा किया। हमने पेंशन 2750 की अभी हमारा एक साल का कार्यकाल बाकी है हम पेंशन और बढ़ाएंगे।

भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। जिस प्रकार चार उप मुख्यमंत्री बनाने के बयान और जो घोषणाएं कांग्रेस की तरफ से की जा रही है जनता उन पर विश्वास नहीं करेगी। जनता जानती है कांग्रेस के समय में जो एक उपमुख्यमंत्री बनाया गया था। उसका क्या हाल हुआ। इस प्रकार की बातें करने की बजाय पूरे प्रदेश की चिंता करनी चाहिए और निष्पक्षता के साथ काम करना चाहिए। प्रदेश की पूरी जनता को भाजपा परिवार मानते हुए सबके लिए काम कर रही है। कांग्रेस राज में केवल सरकार के नजदीकियों के काम होते थे। भाजपा जो भी कहती है उन सब बातों की सत्यता पर खरा उतरती है। कांग्रेस राज में जिस प्रकार का भेदभाव पुरे प्रदेश और यमुनानगर जिले के साथ हुआ लोग उसे भूले नहीं है।

कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पोर्टल सिस्टम पर यू टर्न वाले बयान पर कहा कि भूपेंद्र हुड्डा का पोर्टल सिस्टम पर यू टर्न सही है। हम तो पहले से ही कह रहे हैं, अगर पोर्टल में कोई कमी है तो उसमें सुधार किया जाना चाहिए। कांग्रेस पहले कहती थी कि पोर्टल को बंद किया जाएगा। क्या कांग्रेस भारत को पाकिस्तान और अफगानिस्तान की तरफ लेकर जाना चाहती है। 9 साल में सीएम विंडो के जरिए 9 लाख शिकायतों का समाधान किया है। इस तरह के सिस्टम का फायदा उठाना चाहिए।

आज करनाल में होने वाले अंत्योदय सम्मेलन पर कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि अंत्योदय हमारे लिए बहुत बड़ा मिशन है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुष ने पार्टी को आत्म मानववाद का विचार दिया। उस वक्त सत्ता हमारे हाथ में नहीं थी, लेकिन तब यह बात कही थी कि जब हम सत्ता में आएंगे तो सबसे अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए काम करेंगे।  वहीं आज सरकार कर रही है। वहीं कांग्रेस इस सम्मेलन को भीड़ जुटाना का कार्यक्रम बता रही है। इस सवाल का जवाब देते हुए कहा यह बिल्कुल झूठ है। भाजपा इस प्रकार से कार्य नहीं करती। यह कोई रैली नही है, अंत्योदय सम्मेलन उन लोगों का सम्मेलन है। जिन्हें अंत्योदय योजनाओ का लाभ मिला है। भाजपा में कांग्रेस वाली स्थिति नहीं है। भाजपा का संगठन पन्ना प्रमुख तक मजबूत संगठन है। जबकि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा नीचे कोई संगठन नहीं है। अंत्योदय सम्मेलन एक सफल कार्यक्रम होगा।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Editor

Saurabh Pal