मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने दिखाई मानवता, घायल व्यक्ति को पहुंचाया अस्पताल

1/12/2018 1:26:41 PM

कुरुक्षेत्र(रणदीपरोर):हरियाणा के खाद्य मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने मानवता और कर्तव्य का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को उठाकर खुद अस्पताल पहुंचाया। उस वक्त वो खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले में कुरुक्षेत्र से चंड़ीगढ़ की तरफ जा रहे थे तभी उन्होंने घायल व्यक्ति को कराहता देखा तो उनसे देखा नहीं गया उन्होंने उसे उठाने में मदद की और अपनी पायलट गाड़ी के माध्यम से घायल को एलएनजेपी अस्पताल में पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार पिपली चिड़ियाघर के सामने जीटी रोड पर एक कार ने एक्टिवा चालक को टक्कर मार दी, जिसके चलते चालक सड़क पर गिर गया और उसे काफी चोटें आई। इसी दौरान जब मंत्री जी ने ये देखा तो तुरंत अपने काफिले को रुकने के आदेश दिए और घायल की मदद की।

सिखाया मानवता और कर्तव्य का पाठ
मंत्री ने स्वयं अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ मिलकर घायल को सड़क से उठाया और पायलट गाड़ी में बैठाया। उन्होंने चालक को निर्देश दिए कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाए और इलाज करवाने के बाद ही वहां से निकले। इस दौरान मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मानवता के नाते घायल की मदद करना हमारा प्रथम कर्तव्य है, उन्होंने केवल अपने कर्तव्य का निर्वहन किया है। 

सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने की अपील
वहीं, मंत्री ने कहा कि सीएम मनोहर लाल के आदेशानुसार जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रुप में मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरुक किया जा रहा है इसलिए उनका दायित्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने आम नागरिकों से भी सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद करने की अपील की हैॉ।