मंत्री विज ने सुनाई प्रियंका गांधी को खरी-खरी, बोले- कांग्रेस कोरोना से भी घातक बीमारी की चपेट में

5/21/2020 6:03:55 PM

अंबाला(अमन)- श्रमिकों के लिए बसें भेजने के मामले में अब प्रियंका गांधी देशभर में भाजपा के निशाने पर है। आज इस मामले को लेकर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने भी प्रियंका गांधी के खिलाफ तल्ख तेवर दिखाए और प्रियंका गांधी को खरी-खरी सुनाई । इस दौरान अनिल विज ने कांग्रेस पर भी अपनी भड़ास निकाली और कहा कि कांग्रेस कोरोना से भी घातक बीमारी (राजनीती) की चपेट में है। 

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि श्रमिकों को आगे रखकर प्रियंका गांधी राजनीति कर रही है। पहले कांग्रेस शासित प्रदेशों से श्रमिकों को उनके घर पहुंचाए।  विज ने कहा कि आज कांग्रेस अपने पोलिटिकल एजेंडे के अनुसार तमाशा कर रही है।  पंजाब से हरियाणा के रास्ते यूपी,बिहार जाने वाले श्रमिकों का पलायन नहीं थम रहा है।  उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है और कैप्टन अमरिंदर हरियाणा की बात तो मान नहीं रहे हैं ऐसे में प्रियंका गाँधी को पंजाब जाना चाहिए और पंजाब के मजदूरों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।  

कांग्रेसी नेता पंकज पुनिया के मामले पर भी गृह मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस नीचता की परकाष्ठा कर रही हैं और जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल कांग्रेसी नेता ने अपने ट्वीट में किया था सभ्य समाज इसकी इजाजत  नहीं देता। विज ने बताया कि क़ानूनी प्रक्रिया तहत पुनिया के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। 

 

 

 

Isha