केंद्रीय मंत्रिमंडल में हरियाणा के मंत्रियों को नहीं मिला प्रोमोशन

9/4/2017 9:38:27 AM

चंडीगढ़ (पांडेय):मोदी मंत्रिमंडल में बदलाव के बाद अब खट्टर मंत्रिमंडल में भी बदलाव की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों की मानें तो खट्टर मंत्रिमंडल में 2 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं तो वहीं कई मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होना तय है। पार्टी हाईकमान की ओर से बीते महीने ही इस फेरबदल को हरी झंडी दी जा चुकी थी, लेकिन बीच में कई तरह के व्यवधान आने के कारण मामला टल गया था। चर्चा है कि 5 सितम्बर को भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में मंत्रियों के विभागों पर आंशिक चर्चा हो सकती है। बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री राम लाल और प्रदेश भाजपा प्रभारी डा. अनिल जैन मुख्य तौर से मौजूद रहेंगे। वहीं मोदी मंत्रिमंडल में 13 मंत्रियों के शामिल होने और कई मंत्रियों के विभागों के फेरबदल में हरियाणा के तीनों मंत्रियों को कोई लाभ नहीं हुआ। जबकि केंद्रीय योजना राज्यमंत्री राव इंद्रजीत के प्रोमोशन की चर्चाएं चल रही थी। 

वहीं केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेन्द्र सिंह और केंद्रीय समाज कल्याण राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के विभागों को यथावत रखा गया है। वहीं खट्टर मंत्रिमंडल में बदलाव की वजह यह भी है कि गत दिनों मुख्य संसदीय सचिव के पद से हटाए गए विधायकों में से कुछ को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसमें सिख चेहरे के तौर पर असंध के विधायक बख्शीश सिंह का नाम मुख्य हैं। हालांकि मंत्रिमंडल में बदलाव के लिए किसी मंत्री की छुट्टी करना पड़ेगा, जिसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पार्टी हाईकमान से स्वीकृति लेनी पड़ेगी। चर्चाओं के अनुसार खट्टर मंत्रिमंडल में बदलाव नहीं होने की एक वजह मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल रहा है। लिहाजा आज मोदी मंत्रिमंडल में नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद अब हरियाणा में भी बदलाव की चर्चाएं जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।