शादी का झांसा देकर करता रहा नाबालिग का रेप, डिलीवरी से 2 दिन पहले हुआ फरार

9/1/2017 1:49:49 PM

पानीपत(अनिल कुमार): नुरवाला निवासी करीबन 15 वर्षीय किशोरी ने सिविल अस्पताल के गेट पर अॉटो में एक बच्ची को जन्म दिया। उसके माता-पिता कपड़े लाने का बहाना बनाकर उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। वहीं लड़की ने भी कई बार अस्पताल परिसर से भागने का प्रयास किया लेकिन वहां तैनात कर्मचारियों ने किशोरी के इन प्रयासों को विफल कर दिया। सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी पुलिस, किला चौकी पुलिस, बाल विकास एवं कल्याण समिति  सिविल अस्पताल पहुंचे। सिटी थाना पुलिस किला थाना पुलिस दो घंटे तक सीमा विवाद में उलझे रही। बाद में किला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ देर रात पॉस्को एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। 

प्रसूति वार्ड की सीनियर स्टाफ नर्स हीना ने बताया कि दोपहर को उन्हें अस्पताल के गेट पर ऑटो में डिलीवरी होने की सूचना मिली थी। उन्होंने कर्मचारियों को नीचे भेजकर प्रसूता को ऊपर दाखिल कराया। देखने में प्रसूता की उम्र 15 या 16 वर्ष लग रही थी। उसके साथ में एक महिला अौर एक पुरुष भी था। प्रसूता की उम्र पूछने पर कपड़े लाने का बहाना बनाकर महिला पुरुष फरार हो गए। दोनों कह रहे थे कि वह 19 साल की है। प्रसूता ने बताया कि वह उसकी मां थी और उस व्यक्ति से उसका सौतेला पिता है। वह रायबरेली के रहने वाले हैं। 

पति की हादसे में 2 साल पहले हो चुकी है मौत
पीड़िता ने बताया कि उसके पति रजा की दो साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह एक साल पहले अपनी मां के साथ इंद्रा विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगी। उसका सौतेला पिता भैंसवाल स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। वहां उसकी पहचान रंजन उर्फ सुनील से हुई। रंजन ने उसे शादी का झांसा दिया। वह 10 माह से रंजन के साथ रह रही थी। वह गर्भवती हो गई। रंजन उसे छोड़कर फरार हो गया। गत सुबह उसे दर्द हुआ तो उसकी मां सौतेला पिता उसे ऑटो में सिविल अस्पताल लेकर आए। 

एसएचओ किला थाना पुलिस सुरेश पाल ने बताया किशोरी के बयान दर्ज कर रंजन उर्फ सुनील पर पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी के बारे में पूछताछ की जा रही है। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा। सी.एम.ओ. संतलाल वर्मा ने सी.डब्ल्यू.सी. की टीम के द्वारा किशोरी की विशेष देख-रेख का इंतजाम का आग्रह करने के बाद एक नर्स व महिला गार्डों की स्पैशल ड्यूटी लगवा दी गई।